विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'क्यों न आपको नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट के दायरे में लाया जाए', सुप्रीम कोर्ट ने BCCI से पूछा सवाल

Published: Wed, 09 Sep 2026 01:00 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई और राज्य क्रिकेट संघों से पूछा है कि उन्हें नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट, 2025 के दायरे में क्यों नहीं लाया जाना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट का बीसीसीआई से सवाल।

सुप्रीम कोर्ट का बीसीसीआई से सवाल।

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई से नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट पर सवाल किया।

  2. राज्य क्रिकेट संघों को भी एक्ट के दायरे में लाने पर विचार।

  3. पदाधिकारियों की सेवा शर्तों पर एक्ट लागू करने के निर्देश मांगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई और सभी राज्य क्रिकेट संघों से पूछा है कि उन्हें नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट, 2025 के तहत क्यों नहीं लाया जाना चाहिए। मंगलवार को बीसीसीआई मामले में कुछ क्रिकेट संस्थाओं की अर्जियों पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की बेंच ने यह बात कही।

बेंच ने बीसीसीआई और राज्य क्रिकेट संघों की ओर से पेश वकीलों से यह भी कहा कि वे इस बारे में निर्देश लें कि उनके पदाधिकारियों की सेवा की शर्तें 2025 के एक्ट के तहत क्यों नहीं होनी चाहिए, जो अब लागू हो चुका है।

क्या है मामला?

सुप्रीम कोर्ट 2014 से बीसीसीआई से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई कर रहा है और इस मामले में समय-समय पर कई अर्जियां दाखिल की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने पहले पूर्व सीजेआई जस्टिस आर एम लोढ़ा की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी ताकि सुधार के उपाय सुझाए जा सकें, जिसमें क्रिकेट संस्था के लिए संविधान बनाना भी शामिल था।

बीसीसीआई के संविधान में बदलाव की दी थी इजाजत

सुप्रीम कोर्ट ने कमेटी की उन सिफारिशों को मान लिया था जिनमें बीसीसीआई के ढांचे, संगठन और कामकाज में सुधार की बात कही गई थी। सितंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई के संविधान में बदलाव की इजाजत दी थी और कहा था कि कोई पदाधिकारी लगातार 12 साल तक पद पर रह सकता है। इसमें तीन साल के कूलिंग-ऑफ पीरियड (अनिवार्य ब्रेक) से पहले राज्य संघ में छह साल और बीसीसीआई में छह साल का कार्यकाल शामिल है।

कोर्ट ने कहा था कि कोई पदाधिकारी बीसीसीआई और राज्य संघ दोनों स्तरों पर किसी खास पद पर लगातार दो कार्यकाल तक काम कर सकता है, जिसके बाद उसे तीन साल का कूलिंग-ऑफ पीरियड पूरा करना होगा।

बीसीसीआई के संविधान में यह नियम था कि जिस किसी ने भी राज्य क्रिकेट संघ या बीसीसीआई में तीन-तीन साल के लगातार दो कार्यकाल पूरे किए हों, उसे तीन साल का अनिवार्य कूलिंग-ऑफ पीरियड पूरा करना होगा।

यह भी पढ़ें: 'सच का पता लगाना अदालत की जिम्मेदारी', रेप केस के दोषी को बरी करते हुए सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी