हैदराबाद: एक्टर यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज कार्यक्रम में हादसा, 2 लोग घायल; इवेंट मैनेजर पर केस दर्ज
साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के हैदराबाद में हुए प्री-रिलीज इवेंट में साउंड सेट-अप गिरने से दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद यश ने स्थिति का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
HighLights
यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज़ इवेंट में हादसा
हैदराबाद में साउंड सेट-अप गिरने से दो लोग घायल हुए
एक्टर यश ने घायलों की मदद के लिए अपील की
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। साउथ सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर हैदराबाद में ग्रैंड प्री-रिलीज इवेंट आयोजित किया गया। इस इवेंट के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां भारी-भरकम भीड़ के बीच साउंड सेट-अप गिर गया। जिसकी चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए।
साइबराबाद पुलिस ने अभिनेता यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज़ इवेंट में हुए हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल और इवेंट मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद एक्टर ने अपना स्पीच रोककर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से घायलों की मदद करने की अपील की। घायलों को पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
दरअसल, हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में अभिनेता यश की आगामी फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज का इवेंट कार्यक्रम चल रहा था। यूनिवर्सिटी में हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। भीड़भाड़ को लेकर पुलिस बार-बार पीछे हटने का अनुरोध कर रही थी, इसके बावजूद कई लोग मंच के करीब चले गए।
वीडियो आया सामने
घटनास्थल का वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवाओं को कार्यक्रम स्थल के आसपास बनी संरचनाओं पर चढ़ते हुए भी दिखाया गया है। कुछ लोग साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल पर चढ़ते दिख रहे हैं, इसी दौरान साउंड सिस्टम अचानक से नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
यश ने बीच में रोकी स्पीच
इस दौरान यश मंच पर स्पीच दे रहे थे, साउंड सिस्टम गिरते ही साउंड और लाइट का एक हिस्सा घराब हो गया। जैसे ही अभिनेता को इस घटना के बारे में पता चला, उन्होंने अपना भाषण रोक दिया और छात्रों की हालत के बारे में पूछा - "अरे, संभलकर। क्या वहां सब ठीक है? क्या सब लोग सुरक्षित हैं?"
कुछ ही सेकंड बाद, उन्होंने अधिकारियों से उनकी जांच करने को कहा। "कृपया जांच करें, महोदय। दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आयोजकों द्वारा स्थिति नियंत्रण में होने की सूचना दिए जाने के बाद यश ने अपना भाषण फिर से शुरू किया।
26 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि टॉक्सिक 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में नयनतारा भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।
यह भी पढ़ें- 'कोई बैरियर्स नहीं, कोई पॉलिटिक्स नहीं...', Toxic के प्री-रिलीज इवेंट में Yash की दो टूक
