हापुड़ में सूदखोरों से तंग आकर किसान ने निगला जहर, 15 दिन से प्रताड़ित कर रहे थे रिकवरी एजेंट; मेरठ में मौत
हापुड़ के सिंभावली में सूदखोरों के उत्पीड़न से परेशान होकर 52 वर्षीय किसान जयप्रकाश ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें
HighLights
सिंभावली में सूदखोरों के उत्पीड़न से किसान जयप्रकाश ने की आत्महत्या।
आर्थिक तंगी के कारण किस्त न देने पर लगातार किया जा रहा था परेशान।
परिवार ने सूदखोरों पर अभद्रता का आरोप लगाया, पुलिस कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, सिंभावली। सूदखोरों के आतंक से परेशान होकर 52 वर्षीय किसान जयप्रकाश ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी है। किसान को करीब 15 दिन से लगातार परेशान कर रहे थे।
किसान की मौत के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों और स्वजनों में सूदखोरों के खिलाफ आक्रोश है। सूचना पर पहुंचे एसएसआई संजय शर्मा और हलका इंचार्ज यतेंद्र पाल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किस्त न देने पर कर रहे थे परेशान
सिंभावली के माधापुर गांव के विशाल कुमार ने बताया कि उसके पिता जयप्रकाश ने ब्याज पर कुछ ऋण फाइनेंस कंपनी वालों से लिया था। जिसकी लगातार किस्त भी जमा कर रहे थे, लेकिन पिछले एक माह से आर्थिक तंगी के चलते किस्त जमा नहीं हो पाई थी।
इसके बाद वसूली करने वाले लगातार उसके पिता को फोन के माध्यम से प्रताड़ित कर रहे थे, घर जाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे। इससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
स्वजन के अनुसार सूदखोरों के डर से मृतक पिछले करीब दस दिन से घर भी नहीं रह रहा था। बेटे विशाल ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह भी किस्त वसूलने आए लोगों ने उनके पिता के साथ अभद्रता की थी।
इससे परेशान होकर उनके पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।
मेरठ में उपचार के दौरान जयप्रकाश की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। इस संबंध में मृतक के स्वजन ने पुलिस को सूचना दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी कविता, तीन लड़के विशाल, पंकज, प्रिंस और एक लड़की पलक को छोड़ गया।
एक व्यक्ति के जहर खाने से मौत की सूचना मिली है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- अरविंद चौधरी, थाना प्रभारी निरीक्षक
यह भी पढ़ें- शहीद की याद में बने स्मारक को तोड़ने पर छलका परिवार का दर्द, कार्रवाई की तैयारी में जुटी हापुड़ पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।