यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहली बार पृथ्वी की कक्षा में जाने वाले अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जॉन ग्लेन का निधन
दुनिया को पहली बार पृथ्वी की कक्षा के बारे में बताने वाले अंतरिक्ष यात्री जॉन ग्लेन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह अमेरिका के पूर्व सीनेटर भी ...और पढ़ें

वाशिंगटन (रॉयटर)। पहली बार पृथ्वी की कक्षा में जाने वाले अंतरिक्ष यात्री जॉन ग्लेन का गुरुवार को 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। तीन बार पृथ्वी की परिक्रमा कर चुके ग्लेन अंतरिक्ष में जाने वाले अमेरिका के तीसरे अंतरिक्ष यात्री थे। वह काफी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनका वर्ष 2014 में दिल का ऑपरेशन भी हुआ था। नासा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ग्लेन को देश का सर्वोच्च पुरस्कार प्रजिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से भी नवाजा गया था।
ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी के जॉन ग्लेन कॉलेज ऑफ पब्लिक अफेयर्स के संचार निदेशक हैंक विल्सन ने ग्लेन के निधन की पुष्टि की। इससे पूर्व कॉलेज प्रवक्ता ने उन्हें अस्पताल में भर्ती किए जाने की जानकारी भी दी थी। नासा ने ग्लेन के निधन के तत्काल बाद ट्वीट किया, हम पृथ्वी की कक्षा में जाने वाले पहले अमेरिकी जॉन ग्लेन के निधन से दुखी हैं। वह एक सच्चे अमेरिकी नायक थे। ईश्वर जॉन ग्लेन की आत्मा को शांति दे। वह अमेरिका के पूर्व सीनेटर भी थे।
We stand on the shoulders of John Glenn, who helped pave the way for future explorers. Profile of his life & images: https://t.co/h7COVgbhc5 pic.twitter.com/38GnAfu9Sv
— NASA (@NASA) 8 December 2016
ग्लेन मूलत: ‘मर्करी 7’ अंतरिक्ष यात्रियों में से एक थे जिनमें से शेष सभी छह अंतरिक्ष यात्रियों का पहले ही निधन हो चुका है। उन्होंने बाद में ओहायो से डेमोक्रेटिक सीनेटर के तौर पर सेवाएं दीं। ग्लेन ने 20 फरवरी 1962 को जब अंतरिक्ष में जाने के लिए उड़ान भरी तो वह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण एवं तनावपूर्ण थी। उस समय अंतरिक्ष यात्राओं का दौर ही अपने शुरुआती काल में था।

उन्होंने दूसरी बार वर्ष 1998 में उस समय इतिहास रचा, जब वह 77 वर्ष की आयु में अंतरिक्ष में गए। तब वह अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले सर्वाधिक आयु के व्यक्ति बन गए। ग्लेन ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान करीब 59 लड़ाकू अभियानों के तहत उड़ान भरी थी। इसके अलावा उन्होंने कोरियाई युद्ध में नए लड़ाकू विमानों के विभिन्न मॉडलों का इस्तेमाल करके 90 लड़ाकू अभियानों के तहत उड़ान भरी।
खबरें और भी
उन्हें वर्ष 1974 में अमेरिकी सीनेट में ओहायो का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया। इसके दो साल बाद अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जिम्मी कार्टर द्वारा उपराष्ट्रपति चुने जाने वाले संभावित उम्मीदवारों की सूची में ग्लेन भी शामिल थे, लेकिन कार्टर ने अंतत: वाल्टर मोंडेल को चुना था। राष्ट्रपति ओबामा ने ग्लेन को वर्ष 2012 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘प्रेजीडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम’ से नवाजा था।