विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ओडिशा में कमल खिलाने के लिए तैयार है भाजपा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Tue, 03 Oct 2023 04:41 PM (IST)

ओडिशा में साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है। ...और पढ़ें

ओडिशा में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर और धर्मेंद्र प्रधान।
ओडिशा में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर और धर्मेंद्र प्रधान।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। साल 2024 के आम चुनाव में भाजपा ओडिशा में पूरी ताकत से लड़ेगी, पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की मदद से लड़ेगी और अच्छे परिणाम भी लाएगी। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ओडिशा में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही है।

2024 के चुनाव में भाजपा दिखाएगी अपना दम: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। प्रधानमंत्री की लोकप्रियता अभी भी 78 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित कर दिया है।

प्रधानमंत्री की दूरदर्शी योजनाओं के कारण देश में महिलाओं के रहन-सहन के तरीके में काफी बदलाव आया है। लोकतंत्र में व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि जनता बड़ी होती है इसलिए ओडिशा में बीजेपी अपने दम पर लड़ेगी और अच्छे नतीजे हासिल करेगी।

ओडिशा में भ्रष्‍टाचार के खिलाफ होगी कार्रवाई: केंद्रीय मंत्री

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ओडिशा के साथ कभी भी कोई भेदभाव नहीं किया। ओडिशा में केंद्रीय योजनाओं में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम बंगाल में भी आवास और अन्य केंद्रीय योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ था। केंद्र सरकार ने उन्हें नोटिस जारी किया था।

पश्चिम बंगाल को मनरेगा अनुदान तब तक रोक दिया गया, जब तक कि मनरेगा योजना के तहत भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।

ओडिशा में केंद्रीय योजनाओं में हुए भ्रष्टाचार को लेकर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में ओडिशा सरकार को नोटिस जारी किया गया है। जवाब नहीं मिलने पर दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा।

NDA सरकार में राज्‍य को मिला दोगुना अनुदान

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ओडिशा को मिलने वाले केंद्रीय अनुदान का हिसाब देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान ओडिशा को सिर्फ 2 लाख करोड़ 63 हजार 243 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन एनडीए सरकार के दौरान यह राशि लगभग 9 गुना बढ़कर 18 लाख 83 हजार 654 करोड़ तक पहुंच गई है।

एनडीए के कार्यकाल में खनन क्षेत्र से 50,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में केवल 5,000 करोड़ रुपये मिलता था। केंद्र सरकार द्वारा खदान नीति में किए गए बदलाव के कारण ओडिशा की आय 10 गुना बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें: Odisha: ओडिशा सरकार ने 3663 करोड़ की निवेश परियोजनाओं को दी मंजूरी, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

मोदी सरकार ने किया रेलवे का विकास: अनुराग ठाकुर

मंत्री ने आगे कहा, मोदी सरकार ने ओडिशा में रेलवे के विकास के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार की तुलना में 11 गुना ज्यादा पैसा दिया है। 27 गुना ज्यादा सड़कें मार्ग का निर्माण हुआ है। ग्रामीण सड़कें भी बेहतर हुई हैं। मोदी सरकार की वन नेशन वन टैक्स, जीएसटी जैसी नीति से ओडिशा को भी फायदा हुआ है।

उन्‍होंने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन से भारत में निवेश को बल मिला है। जल जीवन मिशन से महिलाओं के जीवन में बहुत बदलाव आएगा।

हालांकि, पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में अभी तक एक भी जिले में जल से नल योजना के तहत सम्पूर्ण रूप से पानी नहीं पहुंच पाया है।

बीजद विधायक ने दी प्रतिक्रिया

संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल भी मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजद विधायक देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री को साबित करना चाहिए कि केंद्रीय योजनाओं में राज्य में कहां भ्रष्टाचार हो रहा है।

सिर्फ शिकायत कर देने से नहीं होगा। चुनाव आ गया है इसका मतलब यह नहीं है कि आप यहां आकर कुछ भी बोल दें।

यह भी पढ़ें: ओडिशा अग्निकांड: भुवनेश्‍वर के लोक सेवा भवन में लगी आग, धुआं उठने से मची अफरा-तफरी, दमकल कर्मियों ने पाया काबू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।