यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Odisha में राजनीतिक हिंसा: एक BJP कार्यकर्ता की मौत, 3 घायलों में एक की हालत गंभीर; भुवनेश्वर स्थानांतरित
Odisha News ओडिशा में दूसरे चरण के चुनाव से पहले भाजपा और बीजद कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। इसमें एक भाजपा कार्यकर्ता दिलीप पाहन की मौत हो गई ...और पढ़ें

HighLights
- गंजाम में बीजद और भाजपा कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प
- एक भाजपा कार्यकर्ता दिलीप पाहन ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
- आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्थानीय पुलिस स्टेशन का घेराव
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में दूसरे चरण के मतदान से पहले बुधवार को गंजाम में बीजद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के चुनावी गृह जिले गंजाम में हुई है।
इलाज के दौरान हुई दिलीप पाहन की मौत
बीजद के कुछ कार्यकर्ताओं ने जिले के खल्लीकोट प्रखंड के श्रीकृष्णसरनपुर गांव में चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के बैनर लगा रहे भाजपा समर्थकों पर जानलेवा हमला किया।
इस दौरान भाजपा के चार कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत खल्लीकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें बरहमपुर के एमकेसीजी मेडिकल कालेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि, उनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान दिलीप पाहन के रूप में हुई है। अन्य एक घायल भाजपा कार्यकर्ता को भुवनेश्वर रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का बरहमपुर में इलाज चल रहा है।
बीजद कार्यकर्ताओं ने किया धारदार हथियार से हमला: भाजपा
भाजपा समर्थकों के आरोप के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता पहले बीजद कार्यकर्ता के रूप में काम करते थे।हालांकि, खल्लीकोट रानी के निधन के बाद वे भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा समर्थकों ने आगे आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थक विभिन्न गतिविधियों के दौरान उनका विरोध करते थे और लगभग 25 बाइक सवार बीजद समर्थकों ने उन पर तेज धार वाले हथियारों से हमला किया, जब वे अपने क्षेत्र में भाजपा के बैनर लगा रहे थे।
हिंसा के विरोध में भाजपा समर्थकों ने किया प्रदर्शन
इस बीच, भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए खल्लीकोट पुलिस थाने का घेराव कर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
सड़क जाम होने के कारण खल्लीकोट और भुवनेश्वर के बीच वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। चुनावी हिंसा के संबंध में पुलिस या सत्तारूढ़ पार्टी से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
ये भी पढ़ें:
Odisha में बड़ी सड़क दुर्घटना, दो ट्रकों के बीच पिस गई कार; एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत