विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा: बाढ़ के बीच गोबरी नदी में दिखा 15 फीट लंबा मगरमच्छ, लोगों में दहशत का माहौल

Published: Tue, 18 Aug 2026 03:18 PM (IST)

ओडिशा के केंद्रापड़ा में बाढ़ के बीच गोबरी नदी में 15 फीट लंबा मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. केंद्रापड़ा की गोबरी नदी में 15 फीट का मगरमच्छ दिखा।

  2. भारी बारिश और बाढ़ के बीच मगरमच्छ से दहशत फैली।

  3. वन विभाग ने पुष्टि कर नदी से दूर रहने की सलाह दी।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ओडिशा की कई नदियां उफान पर हैं। केंद्रापड़ा समेत छह जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

गांवों में पानी घुसने से कई इलाके जलमग्न हैं। इस बीच केंद्रापड़ा शहर से होकर बहने वाली गोबरी नदी में करीब 15 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात से ही गोबरी नदी में मगरमच्छ देखे जाने की चर्चा शहर और आसपास के इलाकों में फैलने लगी थी।

सोमवार सुबह न्यू ईदगाह घाट के पास लोगों ने नदी किनारे एक विशाल मगरमच्छ को देखा। इसकी खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और मगरमच्छ का वीडियो बनाने लगे।

लोगों की भीड़ और शोर सुनकर मगरमच्छ नदी में चला गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिए। देखते ही देखते यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

वन विभाग की जांच में हुई पुष्टि

मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई। वन विभाग की जांच रिपोर्ट में गोबरी नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी है।

नदी में जाने से बचें, प्रशासन ने किया अलर्ट

प्रशासन ने लोगों को स्नान, कपड़े धोने या अन्य दैनिक कार्यों के लिए नदी में नहीं जाने की चेतावनी दी है। लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को नदी के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है।

बाढ़ के बीच नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।