भुवनेश्वर में होगी ABVP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, शिक्षा से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर होगा मंथन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की तीन दिवसीय बैठक 29-31 मई तक भुवनेश्वर में आयोजित होगी। ...और पढ़ें

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी। (जागरण)
HighLights
भुवनेश्वर में 29-31 मई तक अभाविप की राष्ट्रीय बैठक।
शिक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा, छात्र संघ चुनाव पर होगी चर्चा।
मोहन चरण माझी नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की तीन दिवसीय बैठक 29 से 31 मई तक भुवनेश्वर स्थित शिक्षा ‘ओ’ अनुसंधान विश्वविद्यालय में आयोजित होगी।
बैठक में देशभर से 484 प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें राष्ट्रीय पदाधिकारी, छात्र नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद और विभिन्न आयामों से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह बैठक संगठन की भावी दिशा तय करने के साथ छात्रशक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुे कहा कि बैठक से पहले 27 मई को केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक हुई है। वहीं 28 मई को संगठन के विभिन्न आयामों एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
योजनाओं पर होगी चर्चा
इसमें खेल, कला, सेवा, पर्यावरण, शोध, चिकित्सा, कृषि, तकनीक, जनजातीय और अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क जैसे विषयों पर वर्षभर की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि बैठक की पूर्व संध्या पर आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में अभाविप के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं के साथ शिक्षाविद और सामाजिक क्षेत्र के प्रबुद्धजन भी उपस्थित रहेंगे।
तीन दिवसीय परिषद बैठक में शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों और संगठनात्मक विस्तार जैसे विषयों पर व्यापक मंथन होगा।
छात्रसंघ चुनाव की मांग
छात्रसंघ चुनाव सभी शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से कराने की मांग पर भी चर्चा होगी। बैठक में ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ अभियान, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, ‘आपातकाल निषेध के 50 वर्ष’ और ‘प्रो. यशवंतराव केलकर जन्मशती वर्ष’ जैसे अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति तय की जाएगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय अधिवेशन-2026, एसइआइएल यात्रा और अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श होगा।