Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    अमित शाह-नवीन पटनायक एक मंच पर बैठे : ओडिशा से दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज, आईएनडीआईए की चिंता बढ़ी

    By Jagran NewsEdited By: Aysha Sheikh
    Updated: Sat, 05 Aug 2023 02:44 PM (IST)

    Amit Shah गृह मंत्री अमित शाह अपना दो दिवसीय ओडिशा दौरा संपन्न कर दिल्ली लौट जाएंगे। मंच पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ अमित शाह का जो समन्वय दिखा ...और पढ़ें

    गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंच साझा किया। (फोटो- एएनआई)
    गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंच साझा किया। (फोटो- एएनआई)

    शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी के चाणक्य अमित शाह अपना दो दिवसीय ओडिशा दौरा संपन्न कर दिल्ली लौट जाएंगे। आमतौर पर ओडिशा दौरे पर आने वाले भाजपा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के राजनीतिक तेवर नवीन पटनायक सरकार पर सदैव हमलावर रहते हैं, मगर अबकी बार नजारा कुछ अलग था।

    इस बार के दौरे में मंच से जो झलक मिली और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ अमित शाह का जो समन्वय दिखा, उसने ना सिर्फ ओडिशा बल्कि दिल्ली दरबार तक की राजनीति को सरगर्म कर दिया है।

    जब NDA को जरूरत पड़ी, बीजद ने दिया साथ

    खासकर आई.एन.डी.आई.ए गठबंधन के सामने भी बड़ी एवं कड़ी चुनौती पेश कर दी है। हालांकि, बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक का झुकाव सदा से एनडीए की तरफ रहा है।

    संसद में जब भी एनडीए को जरूरत पड़ी है, बीजद से उसको समर्थन मिला है। बावजूद इसके प्रदेश में दोनों ही पार्टियों में राजनीतिक खींचतान अपने चरम पर रहती है।

    पिछले सभी दौरों में नवीन सरकार पर हमलावर रहे शाह

    इससे पहले अमित शाह ने भी जब भी ओडिशा का दौरा किया, सीधे तौर पर नवीन सरकार पर हमला बोला था। हालांकि, उनमें से अधिकांश दौरे राजनीतिक दौरे हुआ करते थे।

    इस बार परिस्थिति भी बदली है और समय भी। ऐसे में राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले शाह के उद्बोधन का नजरिया भी बदला-बदला सा नजर आया।

    गृहमंत्री शाह ने जिस प्रकार से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ मंच साझा किया और जिस प्रकार से उन्होंने सीएम नवीन के प्रति आत्मीयता दिखाई, उसकी प्रदेश में हर किसी ने प्रशंसा की है।

    शाह के एक कदम ने दिया बड़ा संदेश

    राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के उद्घाटन एवं शिलान्यास के दौरान शाह के एक कदम ने देश की राजनीतिक पार्टियों को भी यह संदेश देने का काम किया कि हम राजनीतिक विरोधी हो सकते हैं, मगर व्यक्तिगत विरोधी नहीं हैं।

    राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजू जनता दल भले ही दोनों ही राष्ट्रीय गठबंधन से खुद को अलग रखती है, मगर जब भी एनडीए को बीजद की जरूरत होती है, वह मदद जरूर करता है।

    अब चाहे वह राष्ट्रपति चुनाव हो या फिर राज्यसभा में अन्य कोई मुद्दा हो बीजद ने खुलकर एनडीए का समर्थन किया है। वहीं, केन्द्र सरकार भी ओडिशा के विकास के लिए अपने दरवाजे सदैव खुले रखती है।

    राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज

    ऐसे में शनिवार को हुई शाह-नवीन की मुलाकात और शाह का नवीन पटनायक की मंच से प्रशंसा ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल को तेज कर दी है। वहीं, दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात को जब भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचे तो भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी ही गर्मजोशी से उनका स्वागत किया था।

    खबरें और भी

    हवाई अड्डे पर, पार्टी कार्यकर्ता और प्रशंसक पारंपरिक वाद्ययंत्रों और नृत्य के साथ एकत्र हुए थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी प्रमुख उपस्थित रहे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक स्टार होटल में जाकर रात गुजारी।

    केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने आज आधिकारिक समारोह में शामिल होने के साथ ही पार्टी कार्यालय में नए पदाधिकारियों और कोर टीम के सदस्यों के साथ चर्चा की है।

    इस दौरान पहले से दिए गए कार्यों में से कितने पर अमल हो चुका है, इस पर चर्चा हुई है। शाह ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मोदी सरकार के सफल नौ साल का संदेश लोगों तक पहुंचाने का गुरुमंत्र भी दिया है।