विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा के बाद राउरकेला से फिर शुरू होगी ATR-72 विमान सेवा, भुवनेश्वर-कोलकाता जाना होगा आसान

Published: Sat, 05 Sep 2026 05:30 PM (IST)

राउरकेला से भुवनेश्वर और कोलकाता के लिए एटीआर-72 विमान सेवा अक्टूबर में दुर्गा पूजा के बाद फिर से शुरू होगी। ...और पढ़ें

राउरकेला से फिर शुरू होगी ATR-72 विमान सेवा

राउरकेला से फिर शुरू होगी ATR-72 विमान सेवा

HighLights

  1. राउरकेला से भुवनेश्वर-कोलकाता ATR-72 सेवा अक्टूबर में शुरू।

  2. राज्य सरकार की पहल पर जनमांग के बाद बहाली।

  3. क्षेत्र के व्यापारिक, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। राउरकेला से भुवनेश्वर और कोलकाता के लिए एटीआर-72 विमान सेवा आगामी अक्टूबर माह में दुर्गा पूजा के बाद फिर से शुरू होने जा रही है। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थन के बाद राज्य सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। 

वर्तमान में सरकार और संबंधित विमानन कंपनी के अधिकारियों के बीच बातचीत अंतिम चरण में है, जिससे इस्पात नगरी के लोगों को एक बार फिर सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हवाई यात्रा का विकल्प मिलने का रास्ता साफ हो गया है। 

2023 में एटीआर-72 विमान सेवा की शुरुआत

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में आयोजित हॉकी विश्व कप के दौरान राउरकेला से भुवनेश्वर के बीच एटीआर-72 विमान सेवा की शुरुआत की गई थी। उस समय इस मार्ग पर प्रतिदिन औसतन 40 से 45 यात्री आवागमन करते थे। 

यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए बाद में इस सेवा का विस्तार कोलकाता तक किया गया था। करीब डेढ़ वर्ष तक यह विमान सेवा ठीक-ठाक चलती रही, लेकिन 15 जुलाई 2025 को इसे अचानक बंद कर दिया गया। इसके चलते कारोबारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

2025 में छोटे विमान की शुरुआत 

हवाई संपर्क टूटने से उद्यमियों को कोलकाता जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र तक पहुंचने के लिए ट्रेनों पर निर्भर होना पड़ा, हालांकि इस बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ने यात्रियों को कुछ राहत जरूर पहुंचाई। एटीआर-72 सेवा बंद होने से उपजे भारी असंतोष के बीच लोगों की समस्या को देखते हुए पांच दिसंबर 2025 को इंडिया वन एयर कंपनी ने नौ सीटों वाले छोटे विमान की शुरुआत की थी। यह सेवा केवल राउरकेला और भुवनेश्वर के बीच संचालित होती थी। 

लेकिन, इस विमान की घोर अनियमितता के कारण यात्रियों का मोहभंग हो गया। कई बार टिकट बुक कराने के बावजूद अंतिम समय में उड़ान रद्द होने की सूचना से यात्रियों को निराश होना पड़ता था। तत्कालीन आंकड़ों के अनुसार, इस छोटे विमान में औसतन केवल दो-तीन यात्री ही सफर कर रहे थे। 

विमान यात्रा को लेकर यात्रियों का विश्वास डगमगा गया

स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब 10 जनवरी 2026 को इंडिया वन एयर कंपनी का विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर राउरकेला के निकट जालदा पुलिस चौकी क्षेत्र के कंसर गांव के खेत में गिर गया। इस घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी और विमान यात्रा को लेकर यात्रियों का विश्वास डगमगा गया। 

इस हादसे और छोटे विमान की विफलता के बाद शहरवासियों ने एक स्वर में पहले की तरह एटीआर-72 विमान सेवा बहाल करने की जोरदार मांग उठाई। जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार की पहल से अब अक्टूबर में इस बहुप्रतीक्षित विमान सेवा के दोबारा शुरू होने की पूरी उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के व्यापारिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।