बालेश्वर में अपराधियों के हौसले बुलंद: आधी रात को गोलीबारी में दो घायल, दहशत में शहर
बालेश्वर के अरड बाजार में आधी रात को हुई गोलीबारी में मनोज साहू और कार्तिक प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया ...और पढ़ें

बालेश्वर में अपराधियों के हौसले बुलंद: आधी रात को गोलीबारी में दो घायल, दहशत में शहर
जागरण संवाददाता, बालेश्वर। बालेश्वर शहर एक बार फिर अपराधियों की गिरफ्त में आता दिख रहा है। बढ़ती हत्याओं और गोलीबारी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा घटना मंगलवार आधी रात की है, जहां शहर के अरड बाजार में हुई गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अरड बाजार में आधी रात को अपराधियों ने मनोज साहू और कार्तिक प्रसाद को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। गोलीबारी में एक युवक के हाथ और दूसरे की कमर में गंभीर चोट आई है।
घायल अवस्था में दोनों को तुरंत जिला मुख्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज (रेमूना) रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश और नशे का काला कारोबार
पुलिस सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, इस हमले के पीछे दो गुटों के बीच पुरानी शत्रुता (रंजिश) बताई जा रही है।
गौरतलब है कि बालेश्वर का अरड बाजार क्षेत्र देश भर में ब्राउन शुगर के अवैध व्यापार के लिए कुख्यात है। आशंका जताई जा रही है कि यह हमला इसी काले कारोबार या आपसी वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम हो सकता है।
चरमराती कानून व्यवस्था पर सवाल
शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। कुछ ही दिनों पहले स्टेशन चौराहे के पास सरेआम एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। चोरी, डकैती और छिनैती जैसी वारदातें अब बालेश्वर में आम हो गई हैं।
खबरें और भी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब अपराधियों के मन में पुलिस और प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। हम हर वक्त आतंक के साये में जीने को मजबूर हैं।
प्रशासन की चुप्पी
इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद पुलिस का कोई भी उच्च अधिकारी इस मामले पर आधिकारिक बयान देने को तैयार नहीं है। बालेश्वर के एसपी प्रत्यूष दिवाकर, सदर एसडीपीओ शुभ्रांशु नायक सहदेव और कुंता थाना प्रभारी आलोक बहरा को फोन किया गया, लेकिन किसी ने भी फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।