भुवनेश्वर: नशेड़ियों का अड्डा बनी हाईस्कूल की दीवार से सटी पान की दुकान, स्थानीय लोगों में रोष
भुवनेश्वर के गड़ गोपीनाथ हाईस्कूल के पास एक पान दुकान शराबियों और नशेड़ियों का अड्डा बन गई है, जिससे स्थानीय लोग और छात्र परेशान हैं। ...और पढ़ें

नशेड़ियों का अड्डा बनी हाईस्कूल की दीवार से सटी पान की दुकान, स्थानीय लोगों में रोष
HighLights
स्कूल के पास पान दुकान नशेड़ियों का अड्डा बनी।
स्थानीय लोग और छात्र असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मेयर ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी के गड़ गोपीनाथ हाईस्कूल की बाहरी दीवार से सटी एक पान दुकान इन दिनों शराबियों और नशेड़ियों का अड्डा बनती जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम ढलते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है। इससे आसपास के निवासियों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले छात्रों और अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पान दुकान के आसपास खुलेआम नशे का सेवन किया जाता है। देर रात तक चलने वाली इस गतिविधि के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि कई बार शराब के नशे में धुत लोग सड़क पर हंगामा करते हैं और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार भी करते हैं। इससे महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
निवासियों का आरोप है कि स्कूल परिसर के बिल्कुल निकट होने के बावजूद इस दुकान पर किसी प्रकार की निगरानी नहीं है। स्कूल की दीवार के पास खाली बोतलें, प्लास्टिक के गिलास और अन्य आपत्तिजनक सामग्री अक्सर पड़ी मिलती है। इससे विद्यार्थियों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस मामले में भुवनेश्वर महानगर निगम (बीएमसी) की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का दावा करने वाला बीएमसी प्रशासन इस मामले में आंखें मूंदे हुए है।
खबरें और भी
क्षेत्रवासियों ने बीएमसी, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के समीप संचालित इस दुकान की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि छात्रों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास ने दैनिक जागरण से बात करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ बीएमसी सख्त कार्रवाई करेगी और स्कूल के बाहर किसी भी प्रकार की नशा द्रव्य की बिक्री को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा ।