कटक में शर्मनाक वारदात: 12वीं की छात्रा को सहपाठियों ने झांसा देकर बुलाया, होटल में सामूहिक दुष्कर्म
कटक के बादामबाड़ी थाना क्षेत्र में एक होटल में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक ...और पढ़ें

कटक में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म। (तस्वीर: सांकेतिक)
HighLights
कटक में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया।
होटल कर्मचारी ज्ञान रंजन सेठी गिरफ्तार, रूम देने में सहयोग।
इस मामले में पहले ही दो नाबालिग आरोपी पकड़े गए।
संवाद सूत्र, कटक। कटक के बादामबाड़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में संलिप्त एक होटल कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। ज्ञात हो कि इस मामले में पूर्व में ही दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता कटक शहर के ही एक कॉलेज में प्लस-टू की छात्रा है। उसी कॉलेज में पढ़ने वाले दो नाबालिग छात्र पीड़िता के सहपाठी थे। कॉलेज में साथ पढ़ने के कारण उनके बीच जान-पहचान थी।
सहपाठियों ने ही रची साजिश, होटल का सहारा लिया
दोस्ती का फायदा उठाते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों ने उसे बादामबाड़ी थाना इलाके के एक होटल में बुलाया। इसके बाद दोनों ने छात्रा को होटल के कमरे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को चुप रहने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। 12 अगस्त को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
होटल कर्मचारी की अहम भूमिका
गहन पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि होटल में बिना किसी वैध कागजात के कमरा उपलब्ध कराने में होटल कर्मचारी ज्ञान रंजन सेठी ने अहम भूमिका निभाई थी। घटना के बाद से ही ज्ञान रंजन फरार चल रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी केंद्रापड़ा जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की और ज्ञान रंजन सेठी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
