विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में 122 करोड़ की धोखाधड़ी में ईडी की छापामारी, हाथी के दांत और हिरण के सींग बरामद

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:01 AM (IST)

मयूरभंज में 122 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी मामले में ईडी की छापेमारी के दौरान हाथी दांत और हिरण के सींग बरामद हुए हैं।

ओडिशा में ईडी की छापामारी

ओडिशा में ईडी की छापामारी

HighLights

  1. ईडी ने 122 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में छापा मारा।

  2. छापेमारी के दौरान हाथी दांत और हिरण के सींग बरामद हुए।

  3. वन विभाग ने आरोपी ईश्वर बिंदहाणी को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मयूरभंज जिले में 122 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के दौरान वन्यजीवों के अवशेष मिलने से मामला नया मोड़ ले चुका है। 

ईडी की टीम ने बुधवार को कप्टिपदा थाना क्षेत्र के बिसौल गांव स्थित ईश्वर बिंदहाणी के घर पर करीब 17 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हाथी के दांत और हिरण के सींग बरामद हुए। वन विभाग ने वन्यजीवों के अंग रखने के आरोप में बिंदहाणी को गिरफ्तार कर लिया है।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी संदिग्ध वन्यजीव अवशेष जब्त कर लिए और उन्हें जांच के लिए रेंज कार्यालय ले गई। बारीपदा वन प्रमंडल के सहायक वन संरक्षक मेहरबान अली ने बताया कि बरामद सींग सांभर या हिरण की किसी अन्य प्रजाति के हो सकते हैं। उनकी वास्तविक पहचान जांच के बाद होगी। हाथी के दांतों को भी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। गिरफ्तार आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा।

निवेशकों को अधिक मुनाफे का दिया था झांसा

ईडी की यह कार्रवाई 122 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी है। एजेंसी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया था। बिंदहाणी के आवास से जमीन के दस्तावेज, आभूषण और बैंक पासबुक भी जब्त किए गए हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, ईश्वर बिंदहाणी कल्पना फाइनेंस सर्विसेज का ओडिशा प्रमुख है। आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों को आकर्षक रिटर्न देने का प्रलोभन देकर उनसे करोड़ों रुपये जमा कराए थे। ईडी अब इस मामले में वित्तीय लेनदेन, निवेश और अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में तंत्र विद्या का खौफनाक खेल, मौत के 42 दिन बाद कब्र से युवती का सिर काटकर ले गए तांत्रिक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।