उत्तर ओडिशा में बैतरणी और सालंदी नदियां खतरे के निशान से ऊपर, 4 जिलों में बढ़ा बाढ़ का संकट
उत्तर ओडिशा में लगातार बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है, बैतरणी, सालंदी और जलका नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। ...और पढ़ें
HighLights
बैतरणी, सालंदी, जलका नदियां खतरे के निशान से ऊपर।
बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, अनुगुल में जनजीवन प्रभावित।
प्रशासन ने 250 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। उत्तर ओडिशा में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।बैतरणी, सालंदी और जलाका समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर और अनुगुल जिलों के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और नदी जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सबसे गंभीर स्थिति बैतरणी नदी की है।आखुआपड़ा में नदी का जलस्तर 20.32 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का निशान 18.33 मीटर है। नदी के उफान पर होने से निचले इलाकों में पानी घुसने लगा है और लोगों में दहशत का माहौल है।
सालंदी नदी खतरे के स्तर से ऊपर
वहीं सालंदी नदी भी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है। सुबह छह बजे तक नदी का जलस्तर 18.70 फीट रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, बालेश्वर जिले के बस्ता ब्लॉक स्थित मथानी में जलका नदी का जलस्तर 6.51 मीटर पहुंच गया, जो निर्धारित खतरे के निशान 6.50 मीटर से अधिक है।प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
समकोई नदी की बाढ़ से पल्लहड़ा में हालात गंभीर
अनुगुल जिले के पाल्लहड़ा क्षेत्र में समकोई नदी में आई बाढ़ ने हालात को और मुश्किल बना दिया है।कणिहा ब्लॉक के बुरुकुना मार्ग पर करीब छह फीट पानी बहने से सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है।
खबरें और भी
बाढ़ के कारण करीब 250 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
कई गांव जलमग्न, जनजीवन अस्त-व्यस्त
लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्तर ओडिशा के कई गांवों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खेत, सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं।लोगों को आवागमन, पेयजल और दैनिक जरूरतों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।