ओडिशा: बैतरणी नदी में बाढ़ का कहर, NH-20 का 1 KM हिस्सा बहा; जाजपुर-भद्रक-केंद्रापड़ा का संपर्क टूटा
बैतरणी नदी में आई बाढ़ से ओडिशा के जाजपुर जिले में भारी तबाही हुई है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-20 का एक ...और पढ़ें

बैतरणी नदी में बार-बार आ रही बाढ़ से NH-20 का एक किलोमीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
HighLights
बैतरणी नदी की बाढ़ से जाजपुर में तबाही।
राष्ट्रीय राजमार्ग-20 का एक किलोमीटर हिस्सा बहा।
जाजपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा का सड़क संपर्क बाधित।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बैतरणी नदी में आ रही उफान भरी बाढ़ ने ओडिशा के जाजपुर जिले में भारी तबाही मचाई है। पानी के तेज बहाव के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-20 को भारी नुकसान पहुंचा है।
दशरथपुर ब्लॉक के कया पुल के पास बोड़का इलाके में सड़क का करीब एक किलोमीटर हिस्सा बहकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और वहां करीब 300 फीट की गहरी घाई बन गई है।
तीन जिलों का संपर्क पूरी तरह ठप
इस मुख्य मार्ग के टूटने से जाजपुर जिले के कुआखिया से भद्रक जिले के धामरा तक सड़क संपर्क बाधित हो गया है। इस हाईवे पर जाजपुर के अलावा भद्रक और केंद्रापड़ा जिले के हजारों लोग निर्भर हैं।
जाजपुर स्थित प्रसिद्ध मां बिरजा मंदिर और भद्रक के आखंडलमणि पीठ जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम वाहनों का आवागमन ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार पांचवीं बार आई बाढ़
जानकारी के अनुसार, बैतरणी नदी में इस सीजन में पांच बार बाढ़ आ चुकी है। कया पुल के पास बोड़का मार्ग पर लगातार बाढ़ का पानी बहने से पानी के प्रचंड वेग ने सड़क को काट दिया।
इसके साथ ही नदी का तटबंध भी कई स्थानों पर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नदी का जलस्तर कुछ कम होने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग ने क्षतिग्रस्त हाईवे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
हालांकि, करीब एक किलोमीटर सड़क के पूरी तरह ध्वस्त होने और 300 फीट की घाई बनने से यातायात सामान्य होने में समय लग सकता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करे।
