विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में सालंदी नदी का तांडव! 8 जगह टूटे तटबंध, 150 फीट चौड़ी दरार से सैकड़ों हेक्टेयर फसल पानी में डूबी

Updated: Wed, 02 Sep 2026 11:45 AM (IST)

ओडिशा के भद्रक जिले में सालंदी नदी और उसकी सहायक नदी के तटबंध 8 स्थानों पर टूट गए हैं, जिससे सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।

ओडिशा में सालंदी नदी का तांडव

ओडिशा में सालंदी नदी का तांडव

HighLights

  1. सालंदी नदी के 8 तटबंध टूटे, भद्रक में बाढ़।

  2. सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न, बड़ा नुकसान।

  3. युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी, निगरानी तेज।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के भद्रक जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच सालंदी नदी और उसकी सहायक नदी पर अलग-अलग स्थानों पर कुल आठ जगह तटबंध टूटने की खबर है। बड़े और छोटे दोनों प्रकार के इन कटावों के कारण सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है और व्यापक क्षेत्र में पानी भर गया है।

सबसे बड़ा कटाव तिहिडी ब्लॉक के बिलाना-लंजतारा क्षेत्र में हुआ, जहां तटबंध करीब 150 फीट तक टूट गया। वहीं, तालगोपबिंधा के पास 100 फीट से अधिक लंबा कटाव दर्ज किया गया। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर 50 फीट से अधिक के कटाव भी सामने आए हैं।

युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य

सिंचाई विभाग ने क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। कुछ स्थानों पर मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य जगहों पर काम जारी है।

सालंदी नदी में अभी भी तेज जलप्रवाह बना हुआ है। दूसरी ओर, नालिया नदी का जलस्तर और प्रवाह काफी बढ़ गया था, जिसे अब कुछ हद तक नियंत्रित कर लिया गया है।

किसानों ने उठाए रखरखाव पर सवाल

स्थानीय किसानों का आरोप है कि तटबंधों की नियमित वार्षिक मरम्मत नहीं की जाती, जिसके कारण हर वर्ष बाढ़ के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

स्थानीय निवासी मंजुलता बेहरा ने कहा, “यहां बड़ा कटाव हो गया है और तेज बहाव के साथ पानी निकल रहा है। लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। स्थिति डरावनी है और लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया है। यदि सरकार समय रहते आवश्यक कदम उठाकर तटबंध की मरम्मत कर देती, तो हमें इतनी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता।”

मंत्री बोले- बहाली कार्य जारी

पंचायती राज मंत्री रबी नारायण नायक ने कहा कि एक कटाव की मरम्मत कर दी गई है, जबकि दूसरे की बहाली का कार्य जारी है। तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सभी अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और काम तेजी से चल रहा है।

24 घंटे निगरानी

सालंदी नहर प्रभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी कटावों की मरम्मत का काम चल रहा है और फिलहाल कोई तात्कालिक खतरा नहीं है। स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।

सालंदी सिंचाई विभाग के एसडीओ प्रदीप बेहरा ने कहा कि सबसे बड़े कटाव सहित लगभग सभी स्थानों पर बहाली का कार्य पूरा हो चुका है। बाढ़ का पानी उतरने तक सभी काम पूरी तरह समाप्त कर दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बारिश कम होने और स्थिति सामान्य होने के बाद समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक योजना पर काम किया जाएगा।