विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा: गंजाम भूस्खलन के मलबे से एक ही परिवार के 5 शव बरामद, 28 अक्टूबर को ढह गए थे 9 मकान

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:20 AM (GMT+05:30)

ओडिशा के गंजाम जिले में भूस्खलन के मलबे से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए हैं, ...और पढ़ें

28 अक्टूबर को ढह गए थे 9 मकान

28 अक्टूबर को ढह गए थे 9 मकान

HighLights

  1. गंजाम भूस्खलन में एक ही परिवार के पांच शव बरामद।

  2. हादसे में अब तक कुल सात लोगों की मौत।

  3. 28 अक्टूबर को नौ मकान हुए थे जमींदोज।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के गंजाम जिले के भूस्खलन प्रभावित गिडिपाबाली गांव में गुरुवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मलबे से निकाले गए। मृतकों में दंपती समेत उनके तीन बच्चे शामिल हैं। पांचों के शव मिलने के साथ ही सप्ताहभर से लापता इस परिवार की तलाश का दर्दनाक अंत हो गया। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है।

मृतकों की पहचान अरुण प्रधान (करीब 70 वर्ष), भूमिका प्रधान (करीब 27 वर्ष), विजय प्रधान (करीब 25 वर्ष), विजयलक्ष्मी प्रधान (छह वर्ष) और बागरी प्रधान (एक वर्ष) के रूप में हुई है। सभी गिडिपाबाली गांव के रहने वाले थे। स्वजन ने शवों की पहचान की। इसके बाद पांचों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

28 अक्टूबर की रात हुआ था हादसा

गौरतलब है कि 28 अक्टूबर की रात कंधमाल-गंजाम सीमा पर स्थित गंगाबाली पहाड़ी में भीषण भूस्खलन हुआ था। इसकी चपेट में आकर गिडिपाबाली गांव के कम से कम नौ मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए थे। हादसे के बाद से लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले दो शव बरामद किए गए थे।

170 जवानों ने संभाला था मोर्चा

कंधमाल के जिलाधिकारी वेदभूषण ने बताया कि बरामद पांचों शव एक ही परिवार के हैं। ओड्राफ, अग्निशमन सेवा, जिला स्वयंसेवी बल (डीवीएफ) और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं। एनडीआरएफ, ओड्राफ और अग्निशमन सेवा के करीब 170 जवानों ने मोर्चा संभाल रखा है।

बारिश के कारण बुधवार को कुछ समय के लिए अभियान रोकना पड़ा था। शुक्रवार से फिर तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि बचाव दल आने वाले दिनों में भी घटनास्थल पर तैनात रहेगा। प्रशासन का प्रयास है कि मलबे में दबे अन्य संभावित लोगों की तलाश पूरी की जा सके।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में तंत्र विद्या का खौफनाक खेल, मौत के 42 दिन बाद कब्र से युवती का सिर काटकर ले गए तांत्रिक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।