ओडिशा में IMD का रेड अलर्ट, 10 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद; कोरापुट में सबसे अधिक खतरा
ओडिशा में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण भारी बारिश की आशंका है, जिसके चलते 10 जिलों ...और पढ़ें

बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो
HighLights
10 जिलों में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
कोरापुट जिले के लिए 25 सितंबर तक रेड वार्निंग जारी।
प्रशासन ने संभावित बाढ़ और भूस्खलन से निपटने की तैयारी की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से ओडिशा में भारी से अति भारी वर्षा की आशंका के बीच राज्य के 10 जिलों में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
मलकानगिरि जिले में 25 सितंबर तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। वहीं, खुर्दा, नवरंगपुर, गंजाम, कोरापुट, रायगड़ा और बलांगीर जिलों में 24 सितंबर तक शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
कोरापुट के लिए रेड वार्निंग
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोरापुट जिले के लिए 25 सितंबर की सुबह तक रेड वार्निंग जारी की है। विभाग ने 24 सितंबर तक जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कोरापुट जिला प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं। सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को 25 सितंबर तक बिना पूर्व अनुमति जिला मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
संवेदनशील और निचले इलाकों के अस्पतालों को पर्याप्त मात्रा में आपातकालीन दवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। वहीं, जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) या मां गृह में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चार बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा निचले इलाकों में आपात स्थिति से निपटने के लिए चूड़ा, गुड़ और आवश्यक दवाओं सहित राहत सामग्री का भंडारण करने का फैसला किया गया है।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश को लेकर अलर्ट मोड पर रेलवे, भुवनेश्वर में 24 घंटे का कंट्रोल रूम एक्टिव
