ओडिशा: एनटीपीसी राख परिवहन वर्चस्व में खूनी खेल, युवक के सिर में गोली मार कर हत्या
सुंदरगढ़ जिले में एनटीपीसी थर्मल पावर प्रोजेक्ट के राख परिवहन पर वर्चस्व को लेकर एक युवक, सुनील नेटी, की गोली ...और पढ़ें

युवक के सिर में गोली मार कर हत्या
HighLights
राख परिवहन वर्चस्व विवाद में युवक सुनील नेटी की हत्या।
सुंदरगढ़ के दर्लीपली में एनटीपीसी प्रोजेक्ट के पास हुई वारदात।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात, कानून-व्यवस्था पर सवाल।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। एनटीपीसी थर्मल पावर प्रोजेक्ट के राख (ऐश) परिवहन पर वर्चस्व को लेकर सुंदरगढ़ जिले में खूनी खेल खेला गया है। भस्मा थाना क्षेत्र के दर्लीपली बरोबगा में गुरुवार शाम राख परिवहन के विवाद में एक युवक की सरेआम गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान सुनील नेटी उर्फ सिलू के रूप में हुई है, जिसके सिर में हमलावरों ने गोली मारी है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे दर्लीपली इलाके में भयंकर तनाव का माहौल है, जिसके मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाती यह घटना इलाके में दहशत का कारण बन गई है।
हथियारबंद बदमाशों के एक गुट ने अचानक धावा बोला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी दर्लीपली के बरोबगा स्थित ऐश पॉन्ड से राख परिवहन को लेकर दो गुटों में लंबे समय से विवाद सुलग रहा था। पहले राख परिवहन पर 'यूनाइटेड फ्लाई-ऐश ट्रांसपोर्ट ओनर्स एसोसिएशन' (यूएफटीओए) नामक एक गुट का नियंत्रण था।
इसके एकाधिकार और वर्चस्व को चुनौती देते हुए हाल ही में दर्लीपली और बरोबगा के स्थानीय युवकों ने 'राइज' नामक एक नया संगठन खड़ा किया था। इसी वर्चस्व की लड़ाई को सुलझाने या रणनीति बनाने को लेकर गुरुवार को बरोबगा में संगठन की एक बैठक बुलाई गई थी।

शाम करीब साढ़े छह बजे बैठक खत्म होने के बाद जब सुनील कुछ अन्य युवकों के साथ सभास्थल पर ही मौजूद था, तभी घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों के एक गुट ने अचानक वहां धावा बोल दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए सीधे सुनील को निशाना बनाया और उसके सिर में करीब से गोली दाग दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद खौफ फैलाते हुए सभी आरोपी मौके से आसानी से फरार हो गए। खून से लथपथ सुनील को उसके साथियों और पुलिस की मदद से आनन-फानन में सुंदरगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सरेआम हुई इस हत्या से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसने चलाई है, लेकिन इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है और लोगों में भारी आक्रोश व भय व्याप्त है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।