ओडिशा में दशहरा मेला देखने आई नाबालिग से पिता के दोस्त ने किया रेप, पुलिस ने भेजा जेल
राजगांगपुर में पिता के दोस्त ने 13 वर्षीय बच्ची से दो दिन तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित को पकड़ा।

पुलिस ने भेजा जेल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
राजगांगपुर में पिता के दोस्त ने की दरिंदगी
दशहरा मेला देखने आई 13 वर्षीय नाबालिग से दो दिन तक दुष्कर्म
पीड़िता की आपबीती के बाद आरोपित दबोचा गया
जागरण संवाददाता, राउरकेला। रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक अमानवीय और लज्जाजनक घटना राजगांगपुर थाना क्षेत्र में सामने आई है, जहां विश्वास की हत्या करते हुए एक पिता के दोस्त ने 13 वर्षीय मासूम को अपनी हवस का शिकार बना लिया।
आरोपित ने नाबालिग के साथ लगातार दो दिन तक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कामांध आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया है। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश है।
पिता के साथ गई थी मेला देखने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरगढ़ सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपने माता-पिता के साथ राजगांगपुर में दशहरा का मेला देखने गई थी। वहां वे पिता के एक दोस्त के घर पर रुके थे। मेला देखने के बाद माता-पिता किशोरी को दोस्त के घर छोड़कर वापस अपने गांव लौट आए।
चूंकि स्कूल की छुट्टियां थीं, इसलिए किशोरी भी दो दिन वहां रुकने के लिए राजी हो गई थी। इसका फायदा उठाते हुए रात के समय आरोपित ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। डर और शर्म के कारण मासूम ने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया।
अगली रात भी आरोपित ने फिर से इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब शारीरिक पीड़ा असहनीय हो गई, तो किशोरी ने रोते हुए अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत राजगांगपुर थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को धर दबोचा है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।