विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Odisha Cyclone: चक्रवात 'अर्नव' को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट, बचाव कार्य के लिए 294 टीमें तैनात

Published: Tue, 27 Oct 2026 12:19 PM (GMT+05:30)

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नव अति भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है, जिसके चलते ओडिशा सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं।

चक्रवात 'अर्नव' को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

चक्रवात 'अर्नव' को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. चक्रवात अर्नव अति भीषण तूफान में बदला, ओडिशा में अलर्ट।

  2. 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका।

  3. बचाव कार्य के लिए 294 टीमें तैनात, गंजाम में विशेष सतर्कता।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नव अति भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके प्रभाव को देखते हुए ओडिशा सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान के बुधवार, 28 अक्टूबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश के साथ दक्षिणी ओडिशा के लिए भी चक्रवात का अलर्ट जारी किया गया है। 

ओडिशा के संभावित प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा अग्निशमन सेवा की कुल 294 टीमें तैनात की गई हैं।

हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात फिलहाल गोपालपुर से लगभग 380 किलोमीटर और विशाखापत्तनम से 300 किलोमीटर दूर है। यह 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। पिछले छह घंटे से इसकी गति बनी हुई है। 

समुद्र में हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच है, जबकि हवा के तेज झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा के जिलों में 28 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। संभावित प्रभावित जिलों के जिला प्रशासन को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

गंजाम में सबसे अधिक बचाव दल तैनात

राज्य में एनडीआरएफ की नौ, एसडीआरएफ की 60 और अग्निशमन सेवा की 225 टीमों को विभिन्न जिलों में तैनात किया गया है। गंजाम जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यहां एनडीआरएफ की दो और एसडीआरएफ की नौ टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन की ओर से चक्रवात के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए तैयारियों की निगरानी की जा रही है।

इस बीच, कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन ने सोमवार को ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत चार राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्यों को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में चक्रवात 'अर्णव' के बीच समुद्र में लापता हुए 20 से अधिक मछुआरे, एक सप्ताह से संपर्क टूटा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।