'पिता ही बार-बार कर रहा यौन उत्पीड़न... हमें बचाइए', ओडिशा में 2 बहनों की गुहार का वीडियो वायरल
ओडिशा के ब्रह्मपुर में तीन सगी बहनों ने अपने पिता पर लंबे समय से यौन उत्पीड़न और शारीरिक प्रताड़ना का ...और पढ़ें

'पिता ही बार-बार कर रहा यौन उत्पीड़न... हमें बचाइए', ओडिशा में 2 बहनों की गुहार का वीडियो वायरल
HighLights
तीन बहनों ने पिता पर यौन उत्पीड़न, शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया।
दो बहनों का दर्दभरा वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल।
पुलिस ने जांच शुरू की, पीड़ितों की सुरक्षा का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। तीन सगी बहनों ने अपने ही पिता पर लंबे समय से यौन उत्पीड़न और शारीरिक प्रताड़ना करने का गंभीर आरोप लगाया है।
इनमें से दो बहनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीडियो में दोनों बहनें अपनी आपबीती सुनाते हुए पिता की कथित ज्यादती से बचाने और न्याय दिलाने की गुहार लगा रही हैं।
मामला ब्रह्मपुर के गोसानिनुआगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में दोनों बहनों ने आरोप लगाया है कि उनका पिता लंबे समय से उनके साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न कर रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाने में शिकायत करने के बावजूद उनकी पीड़ा पर उचित कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, वीडियो में तीसरी बहन मौजूद नहीं है। बताया जा रहा है कि वह भी इस कथित उत्पीड़न की शिकार है।
पीड़िताओं के अनुसार, यह प्रताड़ना लंबे समय से जारी है। इसके कारण बड़ी बहन गहरे मानसिक तनाव में चली गई थी। उसने पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
बहनों का कहना है कि कुछ महीने पहले शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
दो बहनें घर में, छोटी बालाश्रम में
तीनों बहनों में सबसे छोटी फिलहाल उत्कल बालाश्रम में रह रही है, जबकि दोनों बड़ी बहनें अपने पिता के घर में ही रह रही हैं। दोनों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से न्याय और संरक्षण की मांग की है।
तीन लोगों को नोटिस, एसडीपीओ करेंगे जांच की निगरानी
वीडियो वायरल होने के बाद ब्रह्मपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस के अनुसार, पहली शिकायत मिलने पर आरोपित पिता को गिरफ्तार किया गया था।
दूसरी शिकायत के आधार पर तीन लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया है। ब्रह्मपुर टाउन एसडीपीओ को जांच की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीड़िताओं को धमकाने वालों पर होगी कार्रवाई: एसपी
ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित बहनों को धमकाने, डराने या किसी तरह का दबाव बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने स्वयं मामले का संज्ञान लिया। घटना की विस्तृत जांच के लिए जिला पुलिस कार्यालय की महिला अपराध जांच इकाई (आईयूसीएडब्ल्यू) के अधिकारियों को लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच में यदि नई प्राथमिकी दर्ज करने या आगे की कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता सामने आती है तो ऐसा किया जाएगा। तीनों बहनों की सुरक्षा के साथ उनकी काउंसलिंग और समुचित पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी।
एसपी के अनुसार, तीनों बहनों में दो बालिग हैं, जबकि सबसे छोटी नाबालिग है। परिवार के तीन सदस्यों को नोटिस जारी किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।