Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा क्राइम ब्रांच का खुलासा: ₹10 के फटे नोट से होती थी गांजा की डील, शिक्षक सरगना समेत 4 को दबोचा

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 02:02 PM (IST)

    ओडिशा क्राइम ब्रांच की एसटीएफ ने ₹10 के फटे नोटों का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. एसटीएफ ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया।

    2. ₹10 के फटे नोट से होती थी गांजा की डील।

    3. शिक्षक मास्टरमाइंड सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए गए।

    संवाद सहयोगी, कटक। ओडिशा क्राइम ब्रांच की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड समेत चार आरोपितों को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया है।

    इस कार्रवाई की जानकारी क्राइम ब्रांच के डीजी विनयतोष मिश्रा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी। डीजी ने बताया कि, 24 जून को कटक जिले के आठगढ़ क्षेत्र से 190 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। उसी मामले की जांच के दौरान तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। पहले गिरफ्तार आरोपित के पास से 10 रुपये के नोट का आधा हिस्सा मिला था।

    पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने गांजा की डिलीवरी के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया था। तस्करों के बीच पहचान और सौदे की पुष्टि के लिए 10 रुपये के नोट को बीच से फाड़ दिया जाता था। गांजा लेने आने वाले व्यक्ति के पास नोट का दूसरा आधा हिस्सा होना जरूरी था।

    दोनों हिस्सों का मिलान होने के बाद ही गांजा की खेप सौंपी जाती थी। एसटीएफ ने शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए चारों आरोपितों के पास से भी 10 रुपये के नोट के फटे हुए आधे हिस्से बरामद किए हैं, जिन्हें जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

    जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का सरगना दुर्बाशा नायक पेशे से शिक्षक है, लेकिन लंबे समय से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके साथ गिरफ्तार अन्य तीन आरोपित भी इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।

    खबरें और भी

    क्राइम ब्रांच के अनुसार, चारों आरोपितों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके आपराधिक नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य सहयोगियों का पता लगाने के लिए सभी को सात दिन की रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।

    एसटीएफ का मानना है कि, पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है। फिलहाल बरामद 10 रुपये के फटे नोटों को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है और पूरे गिरोह की गतिविधियों की गहन जांच जारी है।

    यह भी पढ़ें- ओडिशा में केतन हत्याकांड जैसी खौफनाक वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, 6 घंटे में खुला राज

    यह भी पढ़ें- ओडिशा: स्कूली किताबों में गड़बड़ी के बाद CM माझी का एक्शन, SCERT के 4 अधिकारी सस्पेंड, 6 पर कार्रवाई