विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में दिल दहला देने वाली वारदात: नशे में बुजुर्ग ने की पत्नी-बहू और नातिन की हथौड़े से हत्या, आरोपी फरार

Published: Thu, 12 Mar 2026 11:17 AM (IST)

ओडिशा के देवगढ़ जिले के गरियापाली गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी, बहू और ...और पढ़ें

खबर के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर

खबर के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के देवगढ़ जिले के कुंडेईगोला थाना क्षेत्र के गरियापाली गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग ने नशे की हालत में अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतकों में आरोपी की पत्नी, बहू और चार वर्षीय नातिन शामिल हैं। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान रमेश गरिया (52) के रूप में हुई है। आरोप है कि बुधवार देर रात किसी पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े के बाद उसने हथौड़े से हमला कर अपनी पत्नी गुलगरिया (42), बहू लिपि महाकुल (24) और नातिन इशानी गरिया (4) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी नशे में था।

बेटे ने देखे तीनों के शव

बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। जब आरोपी का बेटा घर लौटा तो उसने तीनों को खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुंडेईगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

वारदात के बाद गांव में दहशत

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू विवाद और नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।