ओडिशा में तेज रफ्तार और खराब मौसम ने ली दो जान, अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी मोटरसाइकिल
ओडिशा के गंजाम जिले में तेज रफ्तार और खराब मौसम के कारण एक मोटरसाइकिल पेड़ से टकरा गई, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
गंजाम में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल दुर्घटना हुई।
काल बैसाखी तूफान के कारण नियंत्रण खोया।
हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हुई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। गंजाम जिले के सोरड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लाठिपाड़ा गांव के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उस पर सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक गंगापुर थाना क्षेत्र के कालीगुड़ा गांव के रहने वाले थे। दोनों युवक सोरड़ा में एक भोज में शामिल होकर देर शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाके में काल बैसाखी तूफान का असर
घटना के समय इलाके में काल बैसाखी तूफान का असर था। तेज हवा और कम दृश्यता के कारण बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर भंजनगर उप-मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और खराब मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है।