हाथ-पैर बांधकर युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद युवक लापता; गुस्साए ग्रामीणों ने घेरा थाना
ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में एक युवक को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद वह लापता हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ...और पढ़ें

गुस्साए ग्रामीणों ने घेरा थाना
HighLights
युवक गौरांग सेठी को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल।
वीडियो वायरल होने के बाद युवक गौरांग सेठी लापता हो गया।
गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने आली थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले के आली थाना क्षेत्र में एक युवक के लापता होने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।युवक का हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
सैकड़ों की संख्या में पुरुष और महिलाएं आली थाने पहुंच गए और लापता युवक की बरामदगी तथा आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों तक घेराव किया।
हमले के बाद से ही वह लापता
जानकारी के अनुसार, महादेईपाटणा गांव निवासी गौरांग सेठी पर गांव के ही कुछ युवकों ने कथित रूप से जानलेवा हमला किया था।घटना के बाद से गौरांग का कोई पता नहीं चल पाया है।
परिवार का आरोप है कि हमले के बाद से ही वह लापता हैं और उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है। पिता ने दर्ज कराई थी शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
मारपीट करने और गायब करने का आरोप
गौरांग के पिता अरुण सेठी ने गत आली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने गांव के कुछ युवकों पर उनके बेटे के साथ मारपीट करने और उसे गायब करने का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।
वायरल वीडियो ने बढ़ाया आक्रोश
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में एक युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे कई लोग मिलकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
खबरें और भी
ग्रामीणों का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक गौरांग सेठी ही है।वीडियो सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।लोगों का आरोप है कि युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सैकड़ों ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
गौरांग की बरामदगी की मांग को लेकर सोमवार अपराह्न गांव के सैकड़ों पुरुष और महिलाएं अली थाने पहुंच गए।प्रदर्शनकारियों ने थाने का घेराव करते हुए जोरदार नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लापता युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।
एएसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एएसपी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गौरांग का पता नहीं लगाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वाहन तोड़फोड़ विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव में कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। इसी विवाद को लेकर गौरांग सेठी पर कथित रूप से सामूहिक हमला किया गया। शिकायत में प्रकाश पांडव, तापस पांडव, मनोज साहू, प्रताप महाकुड़, लिपु महाकुड़ समेत छह लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं।
वहीं दूसरी ओर, गांव की विद्युलता पांडव ने भी वाहन तोड़फोड़ के संबंध में अलग शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अली थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरे इलाके में तनाव, पुलिस की नजर
युवक के लापता होने और वायरल वीडियो के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और युवक की तलाश के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं परिजन और ग्रामीण अब भी गौरांग की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।