इंडोनेशिया की संसद में गूंजा बीजू पटनायक का नाम, आजादी की लड़ाई में योगदान को किया गया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशियाई संसद में ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के साहसिक योगदान को याद किया, जिन्होंने इंडोनेशिया के स्वतंत्रता संग् ...और पढ़ें

इंडोनेशियाई संसद में एक सत्र के दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो। एएनआई
HighLights
पीएम मोदी ने इंडोनेशियाई संसद में बीजू पटनायक को याद किया।
बीजू पटनायक ने इंडोनेशियाई नेताओं को सुरक्षित भारत पहुंचाया था।
पीएम मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' मिला।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करते हुए ओडिशा के महान जननायक और पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के साहसिक योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की आजादी के संघर्ष के दौरान बीजू पटनायक ने अपनी जान की परवाह किए बिना वहां के तत्कालीन प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति को सुरक्षित भारत पहुंचाया था। उनके इस ऐतिहासिक कदम ने भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को नई मजबूती प्रदान की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र में इंडोनेशिया की स्वतंत्रता का मुद्दा मजबूती से उठाया था और उस दौर में बीजू पटनायक की भूमिका दोनों देशों के रिश्तों में एक महत्वपूर्ण कड़ी बनी। उन्होंने कहा कि बीजू बाबू का साहस और मानवता के प्रति समर्पण आज भी दोनों देशों की मित्रता की मिसाल है।
प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान
इंडोनेशिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सैन्य और नागरिक दोनों श्रेणियों में इंडोनेशिया का सबसे बड़ा अलंकरण माना जाता है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या 34 हो गई है।सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों की स्वीकृति भी है।प्रधानमंत्री के इस उल्लेख के बाद ओडिशा में बीजू पटनायक के समर्थकों और प्रशंसकों के बीच गर्व की भावना देखी गई। राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी बीजू बाबू के ऐतिहासिक योगदान की चर्चा तेज हो गई है।