Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियां अंतिम दौर में, श्रद्धालुओं के लिए विशेष एम्बुलेंस कॉरिडोर तैयार

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 01:50 PM (GMT+05:30)

    पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुचारु व्यवस्थाएं की गई हैं। ...और पढ़ें

    पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा

    पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा

    HighLights

    1. रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, व्यापक व्यवस्थाएं।

    2. श्रद्धालुओं के लिए विशेष एंबुलेंस कॉरिडोर बनाए गए।

    3. सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम।

    जागरण संवाददाता, पुरी। भगवान श्रीजगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पुरी के जिलाधिकारी दिव्य ज्योति परिदा ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुचारू और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई है।

    जिलाधिकारी ने हाल ही में संपन्न हुई स्नान यात्रा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी विभागों, सेवायतों और आम लोगों का सहयोग के लिए आभार जताया। 

    उन्होंने रथ यात्रा के दौरान भी इसी तरह के सहयोग की अपील करते हुए विश्वास जताया कि भगवान श्रीजगन्नाथ की कृपा और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष भी रथ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

    विशेष एंबुलेंस कॉरिडोर बनाए गए

    प्रशासन के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के तीनों रथों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वहीं, शहर में सड़कों की मरम्मत, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीषण गर्मी और संभावित बारिश से निपटने के लिए पानी के छिड़काव और जल निकासी की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

    आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त अस्थायी मेडिकल कैंप, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए विशेष एंबुलेंस कॉरिडोर भी बनाए गए हैं।

    सूचना केंद्र और एलईडी स्क्रीन भी लगाए जाएंगे

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिक संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने वाले स्वयंसेवी संगठनों के लिए अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पेयजल, अस्थायी शौचालय, विस्तारित पार्किंग और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की भी व्यवस्था की गई है।

    सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रद्धालुओं को रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सूचना केंद्र और एलईडी स्क्रीन भी लगाए जाएंगे।

    खबरें और भी

    श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो

    स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही बिजली आपूर्ति को मजबूत किया गया है और परिवहन विभाग के सहयोग से अतिरिक्त ट्रेनें एवं बसें चलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    जिलाधिकारी दिव्य ज्योति परिदा ने कहा, 'राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने रथ यात्रा के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और अविस्मरणीय दर्शन का अनुभव कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।'

    यह भी पढ़ें- रथयात्रा से पहले ओडिशा क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, होटल बुकिंग के नाम पर फ्रॉड करने वाले 46 साइट्स ब्लॉक