स्नान यात्रा को लेकर पुरी में 79 प्लाटून पुलिस बल तैनात, शाम को मिलेगा सार्वजनिक दर्शन
पुरी में भगवान जगन्नाथ की पवित्र स्नान यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, प्रशासन ने सुरक्षा और अनुष्ठानों की समीक्षा की है। शाम 7 बजे से रात 9:30 ...और पढ़ें

HighLights
स्नान यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, प्रशासन ने की समीक्षा।
शाम 7 बजे से 9:30 बजे तक भक्तों के लिए सार्वजनिक दर्शन।
सुरक्षा हेतु 79 प्लाटून पुलिस बल तैनात, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद।
जागरण संवाददाता, पुरी। भगवान श्रीजगन्नाथ मंदिर की पवित्र स्नान यात्रा को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त बैठक कर यात्रा की व्यवस्थाओं और नीतियों की समीक्षा की।
बैठक में तय किया गया कि सभी धार्मिक अनुष्ठान निर्धारित समय के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे तथा नीतिकांति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
विशेष नीतियों और सेनापटा लागी के कारण आज से कुछ घंटों के लिए श्रीमंदिर में सामान्य दर्शन बंद रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्नान यात्रा के सभी अनुष्ठान तय समय पर संपन्न होंगे।
सुबह 5 बजे से 7 बजे के बीच पहंडी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 5 बजे से 7 बजे के बीच भगवानों की पहंडी होगी। इसके बाद अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे के बीच गजपति महाराजा द्वारा छेरा पहंरा की परंपरा निभाई जाएगी। वहीं शाम 4 बजे से 5 बजे तक भगवानों का भव्य हाथी वेश किया जाएगा।
शाम 7 बजे से रात 9:30 बजे तक सार्वजनिक दर्शन
भक्तों के लिए शाम 7 बजे से रात 9:30 बजे तक सहाण मेला (सार्वजनिक दर्शन) की व्यवस्था रहेगी। हाथी वेश समाप्त होने के बाद भगवान बहुड़ा पहंडी के माध्यम से पुनः श्रीमंदिर में प्रवेश करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्नान मंडप के सामने विशेष रैंप बनाया गया है। सामान्य श्रद्धालु केवल सिंहद्वार से प्रवेश कर स्नान मंडप में दर्शन करेंगे और अन्य तीन द्वारों से बाहर निकलेंगे। वहीं टिकटधारी श्रद्धालुओं को केवल दक्षिण द्वार से प्रवेश की अनुमति होगी।
79 प्लाटून पुलिस बल तैनात
स्नान यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 79 प्लाटून पुलिस बल, कई वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।