Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राउरकेला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 220 ग्राम हेरोइन और ₹3 लाख कैश के साथ 5 महिलाएं समेत 8 पकड़ाए

    Updated: Sat, 23 May 2026 06:13 PM (IST)

    राउरकेला पुलिस ने मीनापाड़ा में एक बड़े ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 220 ग्राम हेरोइन, ₹2.70 लाख नकद जब्त किए गए और 5 महि ...और पढ़ें

    शनिवार को प्रेस वार्ता में राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नितेश बाधवानी ने हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का खुलासा किया।

    शनिवार को प्रेस वार्ता में राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नितेश बाधवानी ने हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का खुलासा किया।

    HighLights

    1. राउरकेला पुलिस ने बड़े ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया।

    2. पांच महिलाओं सहित आठ मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए गए।

    जागरण संवाददाता, राउरकेला। ओडिशा की राउरकेला पुलिस ने शनिवार तड़के नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्लांटसाइट थाना क्षेत्र के मीनापाड़ा (महताब रोड) इलाके में चल रहे ब्राउन शुगर के सबसे बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। 
     
    शनिवार दोपहर को आयोजित प्रेस वार्ता में राउरकेला के पुलिस अधीक्षक (SP) नितेश बाधवानी ने इस पूरे हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का खुलासा किया।
     

    गुप्त सूचना पर तड़के छापेमारी, लाखों का माल बरामद  

    एसपी बाधवानी ने बताया कि पुलिस को मीनापाड़ा इलाके में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके बाद प्लांटसाइट पुलिस ने शनिवार की सुबह इलाके में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। 
     
    इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 220 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) बरामद की, जिसे तस्करी के लिए सात अलग-अलग पारदर्शी पैकेटों में सील करके रखा गया था। इसके अलावा, मौके से तीन मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की बिक्री से कमाए गए 2,70,240 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
     

    गिरोह में 5 महिलाएं शामिल, स्कूल-कॉलेज के छात्र थे निशाने पर 

    पुलिस ने इस धंधे में शामिल आठ मुख्य आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं शामिल हैं। पकड़े गए लोगों की पहचान इस प्रकार है:

    1.     रोशन खातून उर्फ शांति
    2.     फरीदा खातून उर्फ जारी वाली
    3.     मो. इमरान आलम
    4.     मो. आलम
    5.     नुरेशा खातून
    6.     रहीमा खातून उर्फ रीता
    7.     मनीषा खातून
    8.     मधु उर्फ नुरेशा खातून 
    एसपी ने स्पष्ट किया कि ये आरोपी केवल छोटे-मोटे तस्कर नहीं हैं, बल्कि एक संगठित सिंडिकेट के रूप में काम कर रहे थे। इनका मुख्य निशाना स्कूल और कॉलेज जाने वाले मासूम युवा थे, जिन्हें ये नशे की लत का शिकार बना रहे थे।
     

    आरोपियों का आपराधिक इतिहास  

    गिरफ्तार आरोपियों में से कई का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी मो. इमरान आलम पर प्लांटसाइट और बंडामुंडा थाने में पहले से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले दर्ज हैं। 
     
    वहीं, मो. आलम के खिलाफ जीआरपी राउरकेला और प्लांटसाइट थाने में केस दर्ज हैं। इसके अलावा, मधु उर्फ नुरेशा खातून भी एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य गंभीर मामले में संलिप्त है। बाकी बचे आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
     

    नशे की मंडी को हमेशा के लिए खत्म करने की तैयारी 

    एसपी नितेश बाधवानी ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तारियों का आंकड़ा अभी और बढ़ेगा और पुलिस इस पूरे ड्रग नेक्सस की जड़ों तक पहुंचेगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पुलिस अब मीनापाड़ा इलाके को इस नशे की मंडी से पूरी तरह मुक्त कराने की तैयारी में है। 
     
    इसके लिए आरएसपी (RSP) और एडीएम (ADM) को आधिकारिक तौर पर पत्र लिखकर मीनापाड़ा के अवैध अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने की मांग की गई है, ताकि इस काली कमाई के अड्डे को हमेशा के लिए नेस्तनाबूद किया जा सके।