राउरकेला में पुलिस के साथ मुठभेड़, सेक्टर 7 में हुए हत्याकांड के दो आरोपित गोली लगने से घायल
राउरकेला में पुलिस मुठभेड़ के दौरान चर्चित तूफान विंधानी हत्याकांड के दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। ...और पढ़ें

HighLights
राउरकेला में पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई।
तूफान विंधानी हत्याकांड के दो आरोपी घायल हुए।
घायलों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। सेक्टर-7 थाना क्षेत्र के तीन दिन पुराने चर्चित तूफान विंधानी हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के साथ शनिवार अहले सुबह को राउरकेला पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान छुनु हरिपा और सुशांत नायक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को दोनों आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर झिरपानी क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर दो राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी सेक्टर-7 में हुए चर्चित हत्या कांड में संलिप्त थे और उनकी तलाश की जा रही थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पता लगाया जा रहा है।