एशियाई खेलों में केरल के भाइयों ने सेलिंग में रचा इतिहास, नितेश सिवाच को कुश्ती में 'चांदी'; भारत 8वें स्थान पर बरकरार
जापान के आइची नागोया में चल रहे 20वें एशियाई खेलों में भारत ने सेलिंग और ग्रीको रोमन कुश्ती में रजत ...और पढ़ें

एशियन गेम्स 2026

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। जापान के आइची नागोया में चल रहे 20वें एशियाई खेलों में गुरुवार को भारत ने सेलिंग और ग्रीको रोमन कुश्ती में रजत पदक जीते तो पुरुष क्रिकेट व हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई। वहीं कंपाउंड व्यक्तिगत तीरंदाजी में गणेश मणिरत्मन ने कांस्य पदक जीता।
गुरुवार तक भारत के खाते में 64 पदक हो गए हैं, जिनमें 10 स्वर्ण, 22 रजत और 32 कांस्य शामिल है। भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है।
केरल के चचेरे भाइयों ने सेलिंग में रचा इतिहास
केरल के चचेरे भाई प्रिंस कुरिसिंकल नोबल और मनु फ्रांसिस ने सेलिंग की पुरुष स्किफ स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत को इन खेलों का पहला पदक दिलाया। दोनों ने नौ रेस में एक में जीत और तीन में दूसरा स्थान हासिल किया। महिला स्किफ में हर्षिता तोमर और शीतल वर्मा ने कांस्य हासिल किया। वहीं, ग्रीको-रोमन कुश्ती के 97 किग्रा वर्ग में नितेश सिवाच ने रजत जीता। वह 1962 के बाद फाइनल में जगह बनाने वाले पहले ग्रीको रोमन पहलवान बने। फाइनल में उन्हें जापान की यूरी नाकाजातो ने 4-0 से हराया। ग्रीको-रोमन में भारत के लिए रजत पदक दुर्लभ उपलब्धि है।
स्वर्ण के लिए पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत
श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने कम मैच अभ्यास के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पहले 169/7 का मजबूत स्कोर बनाया और फिर श्रीलंका को सिर्फ 45 रन पर समेटकर 124 रन से जीत दर्ज की। ईशान किशन ने 46 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। भारत अब फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा।
हॉकी में अंतिम मिनट का रोमांच
गत चैंपियन भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर हॉकी फाइनल में प्रवेश किया। हरमनप्रीत सिंह ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और सुखजीत सिंह ने एक मैदानी गोल किया। पाकिस्तान ने तीन गोल करके मुकाबला बराबरी पर ला दिया था, लेकिन मैच खत्म होने से सिर्फ 45 सेकेंड पहले अभिषेक ने निर्णायक गोल कर भारत को जीत दिला दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।