Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने जीता पहला पदक, निशानेबाजों ने जारी रखा चमकीला प्रदर्शन, वुशु में रोशिबिना ने जगाईं गोल्डन उम्मीदें
भारत ने 20वें एशियाई खेलों में बुधवार को 1 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 5 पदक जीते। मीराबाई चानू ...और पढ़ें
-1790176727643_m.webp)
निशानेबाजों ने फिर बिखेरी चमक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: जापान के आइची नागोया में चल रहे 20वें एशियाई खेलों में बुधवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा और भारतीय खिलाड़ियों ने एक रजत समेत पांच पदक जीते। टोक्यो ओलिंपिक की रजत पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने अंतत: एशियाई खेलों में पदक जीतने का इंतजार समाप्त करते हुए 49 किग्रा वर्ग में ऐतिहासिक रजत पदक जीता।
वहीं निशानेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने दो कांस्य पदक हासिल किए, जबकि पुरुष बैडमिंटन टीम सेमीफाइनल में चीन से हार गई, जिससे उसने कांस्य पदक जीता। सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने कांस्य जीतकर एशियाड में इस खेल का पहला पदक दिलाया।
12 साल बाद मीराबाई ने जीता पदक
मणिपुर की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू 2014 से एशियाई खेलों में पदक जीतने के इंतजार में थीं। 32 वर्षीय मीराबाई ने महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में कुल 198 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 88 और क्लीन एंड जर्क में 111 किग्रा का भार उठाया। यह भारत का 1998 के बाद भारोत्तोलन में पहला एशियाई खेल पदक है। 1998 में बैंकाक में हुए एशियाई खेलों में कर्णम मल्लेश्वरी ने भी रजत पदक जीता था।
निशानेबाजों ने दिखाया दम
भारत की महिला और पुरुष स्कीट टीम ने कांस्य पदक जीते। महिलाओं की टीम में रायजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परीनााज धालीवाल ने कुल 331 अंक हासिल कर तीसरा स्थान पाया। पुरुष टीम में अनंतजीत सिंह नरूका, मैराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल ने कुल 346 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
वुशु में रोशिबिना ने जगाईं स्वर्ण की उम्मीदें
भारतीय वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने बुधवार को एशियाई खेलों में भारत की स्वर्ण की उम्मीदों को जीवित रखा। रोशिबिना ने आइची प्रांत मार्शल आर्ट्स हाल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमनिंगतास को 2-0 से हराकर महिलाओं के वुशु सांडा 60 किलो वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उनका सामना चीन की शियाओयू झांग से होगा। रोशिबिना ने पिछले दो एशियाई खेलों में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। उन्हें दिव्यांशी चौधरी के चोट के कारण बाहर होने के बाद टीम में शामिल किया गया था। इससे पहले, क्वार्टर फाइनल में रोशिबिना ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी को 5-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया था।
क्वार्टर फाइनल में मुक्केबाज अंकुश पंघाल
भारतीय मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने एशियाई खेलों में पुरुषों के 80 किलोग्राम भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को हुए मैच में एशियाई खेलों में पदार्पण कर रहे 21 वर्षीय अंकुश ने बहरीन के हमसा वोगेल को 5-0 से हराया। पिछले साल विश्व बॉक्सिंग कप में रजत पदक जीतने वाले अंकुश ने इसी बरस हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। क्वार्टर फाइनल में उन्हें ताजिकिस्तान के नेकरुज सलीमोव का सामना करना है। यह मैच जीतते ही अंकुश एक पदक पक्का कर लेंगे।
कबड्डी में पुरुषों ने बांग्लादेश और महिलाओं ने ईरान को हराया
एशियाई खेलों की कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों के मुकाबले आसानी से जीत लिए। महिलाओं ने ईरान और पुरुषों ने बांग्लादेश को मात दी। महिला टीम ने 2018 की स्वर्ण पदक विजेता ईरान की टीम को 37-23 के अंतर से हराया जबकि पुरुषों ने बांग्लादेश को 48-25 के बड़े अंतर से हरा दिया। यह पुरुषों का तीसरा जबकि महिलाओं का दूसरा ग्रुप मैच था। महिलाओं ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश को 42-21 से हराया था जबकि पुरुषों ने जापान के विरुद्ध 49-24 और दक्षिण कोरिया के विरुद्ध 63-31 की जीत दर्ज की थी।
सेपकटकरा में टूटी पदक की उम्मीदें
भारतीय सेपकटकरा टीम ग्रुप बी के अपने आखिरी मैच में फिलीपींस को 2-1 से हराने के बावजूद सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई। तीन खिलाड़ियों वाले रेगु इवेंट में भारत को सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए 3-0 के अंतर से जीतना था लेकिन टीम ऐसा नहीं कर पाई। ग्रुप में भारत, जापान और फिलीपींस तीनों ने तीन रेगु मुकाबले जीते थे लेकिन जापान ने टाइब्रेक के आधार पर आगे का टिकट कटा लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।