Asian Games 2026: शूटर हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष पाटिल ने दिलाई भारत को दोहरी सफलता, मेडल जीत पहली बार किया ये काम
आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष पाटिल ने जीते पदक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के निशानेबाज आइची-नागोया एशियन गेम्स-2026 में लगातार मेडल अपने नाम करते जा रहे हैं। इन खेलों के पहले दिन भी देश की महिला निशानेबाजों ने मेडल जीते थे और दूसरे दिन सोमवार को भी निशानेबाजों ने तीन मेडल जीतकर भारतीय फैंस को खुशी दी। पुरुष टीम इवेंट में सिल्वर जीतने वाले हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष पाटिल ने 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत इवेंट में भी मेडल अपने नाम किए हैं।
हिमांशु ढिल्लों ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल जीता तो वहीं रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज पर कब्जा किया। इसी के साथ ये इन एशियाई खेलों में पहली बार हुआ है जब एक ही इवेंट में भारत के हिस्से दो मेडल आए हैं।
जमकर दी टक्कर
इन दोनों ही खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीतने वाले चीन के लिहाओ शेन को कड़ी टक्कर दी। चीन के खिलाड़ी ने 254.2 के स्कोर के साथ गोल्ड जीता। वहीं हिमांशु ने 252.4 के स्कोर के साथ सिल्वर अपने नाम किया और रुद्रांक्ष ने 230.9 के स्कोर के कांसे का तमगा जीता। शेन एक समय तीसरे और चौथे स्थान पर ही झूल रहे थे, लेकिन उन्होंने वापसी की और पहला स्थान हासिल किया। भारत के दोनों निशानेबाज मुकाबले की शुरुआत से ही मेडल की रेस में थे और ये काम पूरा करके ही रुके।
ऐसे बनाई फाइनल में जगह
रुद्रांक्ष और ढिल्लों के साथ पार्त माने ने टीम इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल जिताया था। इसी इवेंट के जरिए रुद्रांक्ष और ढिल्लों ने इंडिविजुअल फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। क्वालिफिकेशन राउंड में रुद्रांक्ष ने 631.8 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं ढिल्लों 630 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचे थे। वहीं लिहाओ 635.4 अंकों के साथ पहले नंबर पर रहे थे।
