Commonwealth Games 2026 में पदक की उम्मीद जगी, नटराज और टीम ने 4x200m रिले के फाइनल का टिकट कटाया
भारतीय पुरुष चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में अपनी हीट में तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल में प् ...और पढ़ें

भारतीय टीम
HighLights
फाइनल में पहुंची भारतीय तैराकी टीम
हीट में हासिल किया तीसरा स्थान
ग्लास्गो, पीटीआई। भारतीय पुरुष चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में अपनी हीट में तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश कर पदक जीतने की उम्मीद कायम रखी है।
धक्षण शशिकुमार, अनीश सुनील कुमार गौड़ा, आर्यन नेहरा और श्रीहरि नटराज की भारतीय चौकड़ी ने सात मिनट 39.48 सेकेंड का समय निकाला और भारतीय टीम अपनी हीट में तैराकी की मजबूत टीमों आस्ट्रेलिया (7:08.66) और इंग्लैंड (7:18.13) के बाद तीसरे स्थान पर रही।
कनाडा के प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने के कारण इस हीट में केवल चार टीमें उतरी थीं। ऐसे में आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और जर्सी चारों ने आठ टीमों के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। आस्ट्रेलिया ने शुरुआत से अंत तक मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा, जबकि तीसरे स्थान के लिए भारत और जर्सी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
Aryan Nehra, Srihari Nataraj, Aneesh Sunil Kumar Gowda & Dhakshan Shashikumar finished 6th overall in the heats with a time of 7:39.48 mins, advancing to the Men's 4x200m Freestyle Relay Team finals.#Cheer4Bharat #CWG2026@Media_SAI @srihari3529 @WeAreTeamIndia @IndiaSports pic.twitter.com/DGyllP5t6H
— Doordarshan Sports (@ddsportschannel) July 26, 2026
जर्सी की टीम 350 मीटर तक आगे थी, लेकिन इसके बाद भारत ने बढ़त बना ली। हालांकि 450 मीटर के बाद जर्सी ने फिर तीसरा स्थान हासिल कर लिया। भारतीय तैराकों ने अंतिम चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 700 मीटर के बाद तीसरा स्थान दोबारा हासिल किया और आखिरी 100 मीटर तक उसे बरकरार रखते हुए जर्सी को पीछे छोड़ फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
दोनों हीट के संयुक्त परिणामों में भारत ने पांचवें सबसे तेज समय के साथ फाइनल में जगह बनाई। आस्ट्रेलिया, स्काटलैंड, इंग्लैंड और वेल्स ने भारत से बेहतर समय दर्ज किया। भारतीय चौकड़ी के इस प्रदर्शन से फाइनल में पदक की दौड़ में चुनौती पेश करने की उम्मीद जगी है। टीम अगर अपनी हीट के समय में सुधार करने में सफल रहती है तो उसके पास पोडियम पर जगह बनाने का बेहतर मौका होगा।