Wimbledon 2026: मुचोवा ने गत चैंपियन क्रेजिकोवा को किया बाहर, पेगुला भी क्वार्टर फाइनल में पहुंची
विंबलडन महिला सिंगल्स में 10वीं वरीयता प्राप्त कैरोलिन मुचोवा ने गत चैंपियन बारबोरा क्रेजीकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ...और पढ़ें

Wimbledon 2026: मुचोवा ने गत चैंपियन क्रेजिकोवा को किया बाहर
डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। 10वीं वरीयता प्राप्त चेक खिलाड़ी कैरोलिन मुचोवा ने हमवतन और गत चैंपियन बारबोरा क्रेजीकोवा को हराकर विंबलडन के महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। रविवार को खेले गए मुकाबले में मुचोवा ने कड़े संघर्ष के बाद क्रेजिकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से मात दी और उनके खिताब बचाने के अभियान का अंत कर दिया।
करीब ढाई घंटे तक चले इस मुकाबले में मुचोवा ने अपने सटीक वाली, बेहतरीन ड्रॉप शाट और शानदार क्रास-कोर्ट विनर्स से दर्शकों का दिल जीत लिया।
पहले सेट के 12वें गेम में उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए क्रेजिकोवा की सर्विस तोड़ी और शानदार बैकहैंड रिटर्न के साथ सेट अपने नाम किया। पूरे मैच में मुचोवा ने 50 विनर्स लगाए, जबकि क्रेजिकोवा केवल 24 विनर्स ही लगा सकीं।
दूसरे सेट के छठे गेम में 16 मिनट तक चले लंबे संघर्ष के बाद मुचोवा ने ब्रेक हासिल किया, लेकिन इसके बाद क्रेजिकोवा ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार पांच गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। तीसरे सेट में हालांकि मुचोवा ने फिर लय हासिल की और चौथे गेम में सर्विस ब्रेक लेकर बढ़त बनाई। गर्म मौसम और लगातार लंबे रैलियों के कारण क्रेजिकोवा थकी हुई नजर आईं और मुचोवा ने शानदार लॉब फोरहैंड विनर के साथ मैच समाप्त कर अंतिम आठ में जगह पक्की कर ली।
एक अन्य मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका की जेसिका पेगुला ने हमवतन इवा जोविक को 4-6, 6-3, 6-1 से हराकर दूसरी बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पेगुला ने टूर्नामेंट का पहला सेट गंवाया, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की।
खबरें और भी
बेहतर सर्विस और कम गलतियों की बदौलत उन्होंने दूसरे और तीसरे सेट में पूरी तरह मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा। जीत के बाद पेगुला ने कहा कि यह मुकाबला आसान नहीं था और इवा ने उन्हें कड़ी चुनौती दी। अब पेगुला क्वार्टर फाइनल में अपनी हमवतन से भिड़ सकती हैं, यदि गॉफ अपना प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीत जाती हैं।