नहाने से सिर्फ 30 मिनट पहले लगाएं आंवला का ये हेयर मास्क, बाल बनेंगे मजबूत और शाइनी
आंवला बालों के लिए काफी फायदेमंद होता है। यह बालों को जड़ों से मजबूत बनाकर उनका टूटना-झड़ना कम करता है।
1/6बालों के लिए अमृत है आंवला
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में प्रदूषण, खराब खानपान और स्ट्रेस की वजह से बाल झड़ना एक आम समस्या बन चुका है। इसके लिए अक्सर लोग महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ नेचुरल उपाय भी इससे छुटकारा दिलवाने में मदद कर सकते हैं। आंवला बालों के लिए अमृत समान है। इसलिए इससे बने कुछ हेयर मास्क बालों को मजबूत बनाने में काफी मदद कर सकते हैं।
2/6आंवला और दही का कंडीशनिंग मास्क
आंवला बालों को मजबूती देता है और दही स्कैल्प को साफ करता है। इस मास्क को बनाने के लिए दो चम्मच आंवला पाउडर में 4 चम्मच दही मिलाकर एक पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को अपनी स्कैल्प और बालों पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। फिर इसे माइल्ड शैम्पू से धो लें। इससे बालों का झड़ना कम होगा और बालों को नेचुरल शाइन मिलेगी।
3/6आंवला और रीठा-शिखाकाई मास्क
सदियों से बालों की देखभाल के लिए इस हेयर मास्क का इस्तेमाल होता आया है। रीठा और शिकाकाई नेचुरल क्लेंजर का काम करते हैं और आंवला जड़ों को मजबूती देता है। इस मास्क को बनाने के लिए आंवला, रीठा और शिकाकाई एक मात्रा में लेकर पेस्ट बना लें। इसे रातभर लोहे की कड़ाही में रहने दें और सुबह बालों पर लगाएं। 45 मिनट पर बालों को बिना शैम्पू के पानी से धो लें। अगले दिन ऑयलिंग के बाद शैम्पू से हेयर वॉश करें।
4/6आंवला और एलोवेरा मास्क
ऐलोवेरा स्कैल्प को हाइड्रेट करता है और खुजली से राहत दिलाता है। वहीं, आंवला बालों को मजबूत बनाता है। इस हेयर मास्क को बनाने के लिए दो चम्मच आंवला पाउडर में ऐलोवेरा जेल मिलाकर स्कैल्प और बालों पर लगाएं। इसे 30 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर बालों को पानी से धो लें।
5/6आंवला और मेथी दाना मास्क
मेथी बालों की ग्रोथ में मदद करता है और आंवला बालों का झड़ना कम करता है। इस मास्क को बनाने के लिए दो चम्मच मेथी दाने को रातभर पानी में भिगोकर रखें और सुबह इन्हें पीसकर पेस्ट बना लें। फिर इसमें दो चम्मच आंवला पाउडर मिलाएं। इस मास्क को बालों की जड़ों में लगाएं और 30 मिनट बाद माइल्ड शैम्पू से धो लें।
6/6आंवला, अंडा और नारियल तेल मास्क
अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है, जो बालों को मजबूत बनाता है। नारियल तेल आंवला पाउडर के साथ मिलकर बालों को कंडीशन करता है। इस हेयर मास्क को बनाने के लिए एक एंडे को फेंट लें और इसमें एक चम्मच आंवला पाउडर और एक चम्मच नारियल तेल मिलाएं। इस मास्क को बालों पर लगाकर 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद शैम्पू से बालों को धो लें।