विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैं जनता के सामने झुकूंगा, लेकिन...', राहुल गांधी का समर्थन मिलने पर बोले अभिषेक बनर्जी

Published: Sun, 31 May 2026 05:33 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद राहुल गांधी ने उनका समर्थन किया, जिस पर बनर्जी ने आभार व्यक्त किया।

अभिषेक बनर्जी ने राहुल गांधी के समर्थन पर जताया आभार (फोटो-पीटीआई)

अभिषेक बनर्जी ने राहुल गांधी के समर्थन पर जताया आभार (फोटो-पीटीआई)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था। इस हमले के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी टीएमसी के साथ खड़े नजर आए। राहुल गांधी के समर्थन पर अभिषेक बनर्जी ने आभार जताया है।

कांग्रेस से समर्थन मिलने पर अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'इंडी गठबंधन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।'

अभिषेक बनर्जी को मिला राहुल गांधी का साथ

राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक बनर्जी ने खुद को राज्य प्रायोजित आतंक का शिकार बताया और भाजपा पर राजनीतिक हिंसा और डराने-धमकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर लिखा, 'राहुल जी, आपके समर्थन और चिंता के लिए धन्यवाद। हम भारत की आत्मा, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट और दृढ़ हैं।'

टीएमसी सांसद ने आगे बताया, 'पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के तहत मैं पांच देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करने गया था और आतंकवाद के खिलाफ देश के पक्ष में मजबूती से खड़ा रहा।'

अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा, 'आज मैं उन लोगों द्वारा फैलाए गए राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंक का शिकार हूं, जो खुद को राष्ट्रवाद का रक्षक बताते हैं। भाजपा की यही सच्चाई है। अगर आप उनका समर्थन करते हैं तो देशभक्त कहलाते हैं, लेकिन सवाल उठाने पर निशाना बना दिए जाते हैं।'

TMC सांसद ने लिखा, 'वह सिद्धांतों से समझौता कर आराम की जिंदगी जीने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करते हुए डर और धमकियों का सामना करना पसंद करेंगे।'

अभिषेक बनर्जी ने लिखा, 'सत्ता अस्थायी होती है, लेकिन जनता की इच्छा स्थायी होती है। मैं सिर्फ जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता के सामने नहीं। हम लोकतंत्र को कमजोर करने और देश को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।'

राहुल गांधी ने की हमले की निंदा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने इसे भाजपा की बदले की राजनीति का घिनौना उदाहरण बताया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला बेहद निंदनीय है। किसी सांसद पर हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि उन लोगों और लोकतंत्र पर हमला है जिन्होंने उन्हें चुना है।'

कांग्रेस नेता ने केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार से दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को अपनी सुरक्षा को लेकर भय में नहीं रहना चाहिए।

कैसे हुआ हमला?

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले में संजू कर्मकार के परिवार से मिलने पहुंचे थे। TMC का आरोप है कि संजू कर्मकार की हत्या भाजपा समर्थित बदमाशों ने पोस्ट-पोल हिंसा में की थी।

इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने अभिषेक बनर्जी के काफिले पर पथराव किया। लोगों ने अभिषेक बनर्जी पर जूते-चप्पल और अंडे फेंके।

पुलिस के मुताबिक हमलावर नारेबाजी करते हुए उनके करीब पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। बाद में अभिषेक बनर्जी को पुलिस सुरक्षा में वहां से निकाला गया। उस समय वह पुलिस का हेलमेट पहने हुए थे और उनकी शर्ट फटी हुई दिखाई दी।

भाजपा का पलटवार

वहीं भाजपा ने इस घटना को लेकर अलग दावा किया है। पार्टी का कहना है कि स्थानीय लोगों में राज्य सरकार और TMC की नीतियों को लेकर गहरा असंतोष है और उसी का असर अभिषेक बनर्जी के विरोध के रूप में देखने को मिला।

यह भी पढ़ें- 'आप घमंडी हैं', अभिषेक को देखने पहुंची ममता बनर्जी ने अस्पताल के अधिकारियों को लगाई फटकार