यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Politics: पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त, सीएम मान राजनीति करने में व्यस्त; भाजपा ने कसा तंज
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मान सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्य ...और पढ़ें

पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने पंजाब के तरनतारन में एक महिला को मारपीट के बाद गली में अर्द्धनग्न घुमाने पर शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो रही है जबकि भगवंत मान आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर राजनीति करने में व्यस्त हैं।
यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा- ''तरनतारन के वल्टोहा गांव में एक 55 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया गया। उसे पीटा गया और फिर नग्न करके गली में घुमाया गया। यह घटना शर्मनाक है और इसने पंजाब में हर किसी की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है।''
पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ रही
उन्होंने पंजाब में दुष्कर्म, जबरन वसूली और हत्या सहित अपराध की अन्य घटनाओं का हवाला दिया और आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ रही है। मुख्यमंत्री मान राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने की बजाय अपना अधिकांश समय दिल्ली में बिता रहे हैं और दिल्ली शराब घोटाले में केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भाग लेने में व्यस्त हैं।
मुख्यमंत्री का राज्य की सरकार चलाने से कोई लेना-देना नहीं
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मान सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का राज्य की सरकार चलाने से कोई लेना-देना नहीं है। वह केवल दिल्ली के लिए काम करते हैं। आप ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को देशव्यापी सामूहिक उपवास का आह्वान किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री मान, आप विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताटों के साथ उपवास पर बैठेंगे।
खबरें और भी
यह था मामला
बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज स्वजन ने उसके ससुराल पहुंचकर घर में घुसकर बेटी और उसकी सास के साथ मारपीट की। सास ने जब बहू को बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और बालों से पकड़कर अर्द्धनग्न हालत में ही उसे गली में ले आए और वहां घुमाया। यही नहीं, घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस ने युवती की मां और उसके दो भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। घटना का महिला आयोग ने भी कड़ा संज्ञान लेते हुए तरनतारन के डीसी और एसएसपी से इस मामले में छह अप्रैल तक रिपोर्ट मांगी है।