सोनिया-राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ीं, 'वंदे मातरम्' के गायन में बाधा डालने के आरोप में जांच शुरू
15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन में बाधा डालने और आपत्ति जताने के मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

वंदे मातरम् के गायन में बाधा डालने के आरोप में सोनिया-राहुल के खिलाफ जांच शुरू (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट व हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं ने शिकायत देकर की थी एफआइआर दर्ज कराने की मांग
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से पहले कानूनी राय लेकर मामले में जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन में बाधा डालने और आपत्ति जताने के मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में अभी एफआइआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन मामले में कानूनी राय लेकर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व पार्टी के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले रविवार को सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ आइपी एस्टेट थाने में शिकायत देकर एफआइआर दर्ज करने की मांग की थी।
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शुभ शर्मा और हाई कोर्ट के अधिवक्ता कुणाल विनायक ने आरोप लगाया था कि समारोह में वंदे मातरम् का गायन चल रहा था।
इसी दौरान सोनिया गांधी ने वहां मौजूद कुछ लोगों की ओर इशारे किए और बातचीत की। शिकायत में दावा किया गया है कि सार्वजनिक रूप से प्रसारित वीडियो फुटेज में उनका यह व्यवहार देखा जा सकता है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ मीडिया रिपोर्ट में भी आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत के पूर्ण गायन पर आपत्ति जताई थी।
शिकायत में एक अन्य वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि राहुल गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए मामले की मंशा और वास्तविक परिस्थितियों की जांच की मांग की थी।
शिकायत में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 का भी उल्लेख किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि प्रस्तावित संशोधन के तहत राष्ट्रीय गान के साथ राष्ट्रीय गीत के गायन में जानबूझकर बाधा डालने को भी दंडनीय बनाने का प्रविधान है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पहले इस कानून की वर्तमान कानूनी स्थिति और लागू होने की तारीख सत्यापित करने और उसके बाद उपयुक्त धाराओं में कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।
हरिद्वार में भाजपा नेता ने दी सोनिया के खिलाफ दी तहरीर
हरिद्वार संवाददाता के अनुसार, उत्तराखंड भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने झबरेड़ा थाने में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
कर्णवाल ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत का गायन चल रहा था। आरोप है कि इस दौरान सोनिया मंच पर खड़े होकर सार्वजनिक रूप से राष्ट्रीय गीत के प्रति अनादर प्रदर्शित करती नजर आईं।
