Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Karnataka Election Result: BJP छोड़ कांग्रेस में जाने वाले शेट्टार चुनाव हारे, पढ़ें हाईप्रोफाइल सीटों का हाल

    By Jagran NewsEdited By: Achyut Kumar
    Updated: Sat, 13 May 2023 06:21 PM (IST)

    Karnataka Election Result 2023। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजे 13 मई यानी आज घोषित कर दिए। कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। ...और पढ़ें

    Karnataka Assembly Election Result 2023: कर्नाटक की हाईप्रोफाइल सीटों का हाल
    Karnataka Assembly Election Result 2023: कर्नाटक की हाईप्रोफाइल सीटों का हाल

    नई दिल्ली, जागरण डेस्क। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए वोटों की गिनती जारी है। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिल गया है। इस चुनाव में कई बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर लगी है, जिनमें मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व सीएम येदियुरप्पा, जगदीश शेट्टार, कुमारस्वामी शामिल हैं। आइए जानते हैं, हाईप्रोफाइल सीटों का हाल...

    हुबली-धारवाड़ सेंट्रल सीट: जगदीश शेट्टार

    पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें 29 हजार 340 वोट हासिल हुए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी महेश तेंगिनकाई को 64 हजार 910 वोट हासिल हुए हैं। शेट्टार पहले भाजपा में थे, लेकिन चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए। 

    चन्नापटना सीट: एच डी कुमारस्वामी

    जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने चन्नापटना विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर ली है। कुमारस्वामी को 34 हजार 322 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी सी.पी. योगेश्वर को 30 हजार 712 वोट हासिल हुए हैं। इस सीट को जद (एस) का गढ़ माना जाता है।

    शिग्गांव सीट: बसवराज बोम्मई

    कर्नाटक के वर्तमान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिग्गांव सीट से चुनाव जीत गए हैं। बोम्मई को 99 हजार 73 वोट हासिल हुए हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार पठान यासिर अहमद खान को 63 हजार 732 वोट हासिल हुए हैं। इसे सबसे हाईप्रोफाइल सीट माना जाता है।

    खबरें और भी

    वरुणा सीट: सिद्दरमैया

    कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दरमैया ने वरुणा सीट से जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी वी. सोमन्ना को 46 हजार 163 मतों से शिकस्त दी। सिद्दरमैया को एक लाख 19 हजार 816 वोट हासिल हुए हैं, जबकि सोमन्ना को 73 हजार 653 वोट हासिल हुए हैं। सिद्दरमैया को 60.09 प्रतिशत, जबकि सोमन्ना को 36.94 प्रतिशत वोट मिले।

    कनकपुरा सीट: डी के शिवकुमार

    कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कनकपुरा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आर. अशोक को एक लाख 23 हजार 270 मतों से करारी शिकस्त दी। शिवकुमार को एक लाख 43 हजार 23 वोट हासिल हुए हैं, जबकि अशोक को 19 हजार 753 और जद (एस) के बी नागराजू को 20 हजार 631 वोट मिले। शिवकुमार को 75.03 प्रतिशत वोट मिले। 

    चित्तापुर सीट: प्रियांक खरगे

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे ने चित्तापुर विधानसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगाई है। प्रियांक को 81 हजार 88 मत हासिल हुए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी मणिकांत राठौड़ को 67 हजार 450 वोट मिले हैं। इस सीट को भी सबसे हाई प्रोफाइल सीट माना जाता है।

    कोरातागेरे: जी परमेश्वर

    कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कोरातागेरे सीट से जीत दर्ज कर ली है। कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था। परमेश्वर को 56 हजार 77 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को महज 18 हजार 278 वोट ही हासिल हुए। उनके खिलाफ भाजपा ने रिटायर्ड आईएएस अनिल कुमार को चुनावी मैदान में उतारा था।

    अथड़ी सीट: लक्ष्मण सावदी

    पूर्व मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने कांग्रेस के टिकट पर अथड़ी विधानसभा सीट से 76 हजार 122 मतों से जीत दर्ज की है। उन्हें एक लाख 31 हजार 404 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 55 हजार 282 मत हासिल हुए। सावदी के खिलाफ भाजपा ने महेश कुमाथल्ली को प्रत्याशी बनाया था।

    शिकारीपुरा सीट: बी वाई विजयेंद्र

    पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बी वाई विजयेंद्र ने शिकारीपुरा सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 73 हजार 709 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी को हराया है। विजयेंद्र को 81 हजार 810 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जे बी मलातेश को महज आठ हजार 101 मतों से संतोष करना पड़ा। निर्दलीय उम्मीदवार एस.पी नागराज गौड़ा को 70 हजार 802 मत मिले। इस सीट से येदियुरप्पा आठ बार चुनाव जीते हैं।