कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता का नया अध्याय: सिद्दरमैया जाएंगे राज्यसभा, शिवकुमार संभालेंगे कमान
कर्नाटक कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू ...और पढ़ें

राज्यसभा जाएंगे सिद्दरमैया, नामांकन के बाद शिवकुमार की ताजपोशी (फोटो- पीटीआई)
HighLights
राज्यसभा जाएंगे सिद्दरमैया, नामांकन के बाद शिवकुमार की ताजपोशी
तीन साल बाद बदलाव का रास्ता अब लगभग हो चुका है साफ
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी हाईकमान सिद्दरमैया को सम्मानजनक तरीके से हटाकर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
6 घंटे से अधिक लंबी बैठक चली
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार की हाल ही में हुई 6 घंटे से अधिक लंबी बैठक में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र रहा।
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने सिद्दरमैया से एकांत मुलाकात में पार्टी में राष्ट्रीय भूमिका निभाने का प्रस्ताव रखा। उन्हें एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा गया है।
तीन साल बाद बदलाव का रास्ता लगभग साफ
कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उप मुख्यमंत्री डी. शिवकुमार के बीच शुरुआत में ढाई- ढाई साल की सत्ता की शर्त के साथ शुरू हुई कांग्रेस सरकार में आखिरकार तीन साल बाद बदलाव का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
बताया जाता है कि राहुल गांधी से चर्चा के बाद आखिरकार सिद्दरमैया राज्य की सत्ता छोड़ राज्यसभा जाने के लिए तैयार हो गए हैं। हालांकि राज्य के मंत्रिमंडल और राज्यसभा में दूसरे सदस्यों के नामांकन में भी सिद्दरमैया की पसंद को माना जाएगा।
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने दोनों नेताओं के साथ पहले अलग-अलग और फिर एक साथ बैठक की। शुरुआत में सिद्दरमैया इसके लिए तैयार नहीं थे। लेकिन राहुल गांधी ने उन्हें मना लिया।
ध्यान रहे कि नेतृत्व बदलाव को लेकर पार्टी में पहले भी बैठकें होती रही थीं, लेकिन सिद्दरमैया तब राजी नहीं हुए थे और उन्हें बिना सहमत किए कांग्रेस बदलाव का कोई रिस्क नहीं लेना चाहती थी। वैसे भी कर्नाटक विधानसभा में सिद्दरमैया के समर्थकों की संख्या ज्यादा है। सोमवार को कर्नाटक के दोनों ही नेता अपने समर्थक विधायकों को लेकर दिल्ली पहुंचे थे।
मंगलवार को हुई बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने हालांकि मीडिया से कहा कि आप लोग जो भी अंदाजा लगा रहे हैं, वह सिर्फ अंदाजा है, कोई सच्चाई नहीं है। आज हमने कर्नाटक की राज्यसभा सीटों और काउंसिल सीटों पर चर्चा की। उनके साथ सिद्दरमैया और शिवकुमार भी थे।
सिद्दरमैया अगले कुछ दिनों में इस्तीफा देंगे
उन्होंने कहा कि कर्नाटक की राज्यसभा और काउंसिल सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसी दूसरी सीटों के साथ की जाएगी। आज हमने यही तय किया है। किसी और बात पर चर्चा नहीं हुई। लेकिन, विश्वस्त सूत्रों के अनुसार सिद्दरमैया अगले कुछ दिनों में इस्तीफा देंगे।
सिद्दरमैया राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे
गौरतलब है कि एक जून को राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होगी और इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। शिवकुमार का शपथग्रहण तब होगा जब सिद्दरमैया राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे।
