यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Election 2024: पीएम मोदी पर फिर बरसीं प्रियंका, बोलीं- उनकी बातों में कोई दम नहीं, केवल वोट बटोरना मकसद है
देश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के चुनाव 13 मई को होने जा रहे हैं। इसको लेकर सभी पार्टियों ...और पढ़ें

HighLights
- प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी से की इंदिरा गांधी के कार्यों से सीख लेने की बात
- प्रियंका बोलीं- कांग्रेस के सभी नेताओं ने सीखा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है
- कांग्रेस की राजनीतिक परंपरा की नींव महात्मा गांधी ने रखी थी: प्रियंका
एएनआई, नंदुरबार (महाराष्ट्र)। देश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के चुनाव 13 मई को होने जा रहे हैं। इसको लेकर सभी पार्टियों के नेता धुआंधार प्रचार में जुटे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेत्री व पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव महाराष्ट्र पहुंची। यहां उन्होंने पीएम मोदी और भाजपा पर जमकर हमला बोला
प्रियंका गांधी वाड्रा ने महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बातों में कोई दम नहीं है और उनका मकसद केवल चुनाव के दौरान वोट बटोरना है। उन्होंने कहा,
पीएम मोदी जो भी कहते हैं उसका कोई मतलब नहीं है। वह जो भी कहते हैं वह सिर्फ चुनाव के लिए कहते हैं। वह कहते हैं कि वह अकेले भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। आपके पास शक्ति और सभी संसाधन हैं। दुनिया के सभी नेता आपके साथ हैं।
आप अकेले कैसे हो सकते हो? वह चुनाव के दौरान आते हैं और रोने लगते हैं और कहते हैं कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्हें इंदिरा गांधी से दृढ़ संकल्प और बहादुरी सीखनी चाहिए, लेकिन आप उनसे सीख नहीं सकते, क्योंकि आप इतनी महान महिला को देशद्रोही कहते हैं।
प्रियंका ने इंदिरा गांधी का दिया उदहारण
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को उनसे सीखना चाहिए, जिन्होंने पाकिस्तान को दो हिस्सों में बांट दिया। कांग्रेस की राजनीतिक परंपरा की नींव महात्मा गांधी ने रखी थी। उन्होंने कहा था कि सत्य के मार्ग पर चलो।
उसी पर चलकर कांग्रेस के सभी नेताओं ने सीखा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है। आपकी (जनता की) सेवा करना हमारा कर्तव्य है। आपके जीवन को समझने की जिम्मेदारी। लेकिन भाजपा की विचारधारा विपरीत है। वे आपकी संस्कृति को नहीं समझते और उसका सम्मान नहीं करते। प्रियंका ने कहा,
जब भी उन्हें मौका मिलता है, वे आपकी संस्कृति को बदलने की कोशिश करते हैं... जहां भी आदिवासी समुदायों पर अत्याचार हुए हैं, भाजपा के सबसे बड़े नेता चुप रहे हैं।
पीएम मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा था कि विपक्षी पार्टियां जानती है कि वे विकास के मामले में मोदी का मुकाबला नहीं कर सकते और इसलिए उन्होंने इस चुनाव में 'झूठ की फैक्ट्री' खोली है। महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि उनके लिए वंचितों और आदिवासियों की सेवा करना अपने परिवार की सेवा करने जैसा है। पीएम ने कहा था,
मेरे लिए वंचितों और आदिवासियों की सेवा करना बिल्कुल अपने परिवार की सेवा करने जैसा है। मैं कांग्रेस की तरह किसी शाही परिवार से नहीं हूं। मैं एक विनम्र पृष्ठभूमि से आता हूं। मैं गरीबी में बड़ा हुआ हूं। मैं समझ सकता हूं कि पीड़ा क्या होती है। मैं आपका दर्द समझ सकता हूं।