विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भगवंत मान के पास 2.5 लाख के जूते और लाखों के सूट, कस्टम को नहीं दी जानकारी; भाजपा का बड़ा आरोप

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:18 AM (IST)

भाजपा ने बुधवार को दावा किया कि पेरिस से लौटने पर दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए गए पंजाब ...और पढ़ें

मान के पास 2.5 लाख के जूते, लाखों के सूट थे जिनकी कस्टम को सूचना नहीं दी : भाजपा

मान के पास 2.5 लाख के जूते, लाखों के सूट थे जिनकी कस्टम को सूचना नहीं दी : भाजपा

HighLights

  1. पंजाब के सीएम पर दिल्ली हवाई अड्डे में ‘हिरासत’ को लेकर हमला 

  2. भाजपा का आरोप-मान महंगी छुट्टियों से पंजाब के लोगों को लूट रहे 

पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने बुधवार को दावा किया कि पेरिस से लौटने पर दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए गए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास महंगे जूते, आभूषण, डिजाइनर सूट और इत्र थे, जिनकी घोषणा नहीं की गई थी।

पार्टी ने घटना को लेकर आम आदमी पार्टी पर झूठा 'विक्टिम कार्ड' खेलने का आरोप लगाया। साथ ही कहा, अब मान पेरिस में महंगी छुट्टियों के जरिए पंजाब के लोगों को लूट रहे हैं।

आम आदमी पार्टी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि मान को दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन घंटे तक हिरासत में रखा गया और 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पार्टी ने दावा किया था कि अधिकारियों ने इस कार्रवाई के लिए 'ऊपर से भारी दबाव' होने की बात कही थी। हालांकि, पार्टी ने यह नहीं बताया कि मान को हिरासत में क्यों लिया गया या जुर्माना क्यों लगाया गया।

आप के आरोप का जवाब देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, 'भगवंत मान छुट्टियां मनाने पेरिस गए थे। वह अपने साथ 2.5 लाख रुपये के जूते, अपनी पत्नी के लिए लाखों रुपये के सूट और महंगे इत्र लाए, जिनकी उन्होंने सीमा शुल्क विभाग को घोषणा नहीं की।'

भंडारी ने एक्स पर वीडियो संदेश में कहा,'जब सीमा शुल्क विभाग (कस्टम) में उनकी चोरी पकड़ी गई, तो अब वे फर्जी 'विक्टिम कार्ड' खेलने की कोशिश कर रहे हैं।' उन्होंने कहा,'जब आप चोरी करते हैं, जैसा कि आम आदमी पार्टी के लोग करते हैं, तो उसका पकड़ा जाना तय है।'

भाजपा के आरोप पर मान या आप की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। भंडारी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में पूछा,'2.5 लाख रुपये के जूते। लाखों रुपये के इत्र। महंगे आभूषण और डिजाइनर सूट। आप को जवाब देना चाहिए

जब उसका मुख्यमंत्री करदाताओं के पैसे पर पेरिस में छुट्टियां मना रहा था, तो इन खरीदारी की सीमा शुल्क विभाग को घोषणा क्यों नहीं की गई?'

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मान और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस तरह के आचरण से पंजाब के लोगों का 'अपमान' किया है।

भंडारी ने कहा,'केजरीवाल ने अपना आलीशान शीशमहल बनवाने के लिए दिल्ली के लोगों को लूटा। नशा माफिया से लड़ने के बजाय आप पेरिस में छुट्टियां मनाने में जुटी है।' उन्होंने कहा,'पंजाब को बचाने के लिए आप को जाना होगा।'