विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चुनाव धांधली के आरोप पर विपक्ष की लड़ाई तेज, संसद से ECI मुख्यालय तक आज निकलेगा विरोध मार्च

Published: Mon, 11 Aug 2025 06:00 AM (IST)

विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन के नेता और सांसद चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। ...और पढ़ें

विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन (फाइल फोटो)
विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन (फाइल फोटो)

HighLights

  1. संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक निकलेगा मार्च
  2. आईएनडीआइए गठबंधन के शीर्ष नेता होंगे शामिल
  3. 65 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने का विरोध

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चुनावी धांधली के अपने दावों को लेकर सड़क से संसद तक चुनाव आयोग को घेरने की अपनी लड़ाई में कदम ताल का मजबूत संदेश देने के लिए विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन के शीर्ष नेता और तमाम सांसद सोमवार को संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक बिहार में हो रहे विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन मार्च निकालेंगे।

आम चुनाव 2024 के दौरान कर्नाटक की एक सीट पर वोट चोरी का दावा करने वाले लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी तथा राज्यसभा में नेता मल्लिकार्जुन खरगे विपक्षी दलों के इस विरोध मार्च की अगुवाई करेंगे। पुनरीक्षण के दौरान 65 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने की जानकारी साझा नहीं करने के चुनाव आयोग के रूख के साथ-साथ इसमें अन्य कई तरह की खामियों का दावा करते हुए विपक्ष चुनाव आयोग से मिलकर डिजिटल मतदाता सूची के साथ इसमें पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करेगा।

सोमवार को होगा रात्रि भोज

पुनरीक्षण के साथ चुनावी धांधली को लेकर विपक्ष की एकजुट लड़ाई को मजबूती देने के लिए मल्लिकार्जुन खरगे ने आईएनडीआइए गठबंधन के सभी सांसदों को सोमवार को रात्रि भोज बैठक पर बुलाया है। सूत्रों के अनुसार खरगे की रात्रि भोज बैठक के दौरान बिहार के अलावा अन्य राज्यों में पुनरीक्षण की चुनाव आयोग की तैयारियों पर गहरी नजर रखने के साथ-साथ चुनावों में मतदाता सूचियों में कथित हेर-फेर तथा वोट चोरी के राहुल गांधी के दावों पर जवाब देने की बजाय धमकाने के आयोग के रवैये पर चर्चा होगी।

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित चुनावी धांधली के खिलाफ अब तक संसद में एकजुट विपक्ष सोमवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे सड़क पर एक साथ विरोध मार्च निकालेगा। राहुल गांधी विपक्ष के अन्य तमाम नेताओं संग संसद भवन से चुनाव आयोग तक पुनरीक्षण के खिलाफ इस साझा विरोध मार्च की अगुवाई करेंगे।

विपक्ष ने चुनाव आयोग से मांगा समय

विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन की ओर से अपनी मांगों को दुहराने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों से मिलने का समय भी मांगा गया है। मानसून सत्र में बिहार पुनरीक्षण पर चर्चा की विपक्षी दल मांग करते हुए पिछले दो हफ्ते से लगातार संग्राम कर रहे हैं। सरकार यह कहते हुए पुनरीक्षण पर चर्चा के लिए राजी नहीं है कि यह मुद्दा न्यायालय के विचाराधीन है।

सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के कारण संसद की कार्यवाही ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा के बाद से लगातार ठप चल रही है। टकराव खत्म होने की संभावनाएं कमजोर पड़ने के संकेत मिलते ही सरकार ने बीते हफ्ते से कुछ जरूरी विधेयकों को हंगामे के बीच ही पारित कराए जाने की शुरूआत कर दी। हालांकि इसके बावजूद विपक्ष चुनाव आयोग के कथित पक्षपात से चुनावी धांधली को अंजाम दिए जाने के खिलाफ अपने अभियान को विराम देने को तैयार नहीं है।

खरगे की रात्रि भोज बैठक में राहुल गांधी के वोट चोरी के खिलाफ अभियान में विपक्षी दलों का समर्थन हासिल करने की कांग्रेस पूरी कोशिश करेगी। वैसे राहुल गांधी की सात अगस्त को हुई रात्रिभोज बैठक के दौरान आईएनडीआइए के शीर्ष नेताओं ने चुनाव आयोग की घेरेबंदी की उनकी पहल में पूरा साथ देने का भरोसा दिया था।

यह भी पढ़ें- 'बिना नोटिस के किसी भी वोटर का नाम नहीं हटाया जाएगा', 'SIR' पर सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग का हलफनामा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।