Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    इंजीनियर संजय सिंह कैसे बन गए केजरीवाल के 'दुलारे', समाजवादी नेता रघु ठाकुर और सुल्तानपुर से क्या है रिश्ता?

    By Devshanker ChovdharyEdited By: Devshanker Chovdhary
    Updated: Wed, 04 Oct 2023 08:37 PM (GMT+05:30)

    Sanjay Singh संजय सिंह का जन्म यूपी के सुल्तानपुर में हुआ है। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई के बाद इंजीनियरिंग को चुना। हालांकि आगे चलकर उन्होंने सामाजिक कार ...और पढ़ें

    पढ़ें कैसे संजय सिंह ने इंजीनियरिंग के बाद राजनीति को चुना। (फोटो- जागरण ग्राफिक्स)
    पढ़ें कैसे संजय सिंह ने इंजीनियरिंग के बाद राजनीति को चुना। (फोटो- जागरण ग्राफिक्स)

    HighLights

    1. आप सांसद संजय सिंह का जन्म यूपी के सुल्तानपुर में हुआ।
    2. संजय सिंह ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद राजनीति को चुना।
    3. आप नेता संजय सिंह 2018 में राज्यसभा के सदस्य चुने गए।

    ऑनलाइन डेस्क, नई दिल्ली। Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली आबकारी मामले में 11 घंटे तक चली पूछताछ के बाद संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

    कौन हैं संजय सिंह?

    आप सांसद संजय सिंह का जन्म 22 मार्च 1972 को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुआ। संजय सिंह के माता-पिता शिक्षक रह चुके हैं। संजय सिंह ने शुरुआती शिक्षा ग्रहण करने के बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उन्होंने ओडिशा के क्योंझर में ओडिशा स्कूल ऑफ माइनिंग इंजीनियरिंग से माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है।

    संजय सिंह के परिवार में कौन-कौन हैं?

    संजय सिंह के माता पिता सेवानिवृत शिक्षक हैं। संजय सिंह के पिता का नाम दिनेश सिंह और माता का नाम राधिका सिंह हैं। संजय सिंह की शादी अनिता सिंह से हुई है। संजय सिंह के भाई अमेरिका में इंजीनियर हैं। संजय सिंह और अनिता सिंह के दो बच्चे- एक बेटा और एक बेटी हैं।

    यह भी पढ़ेंः Delhi Excise Policy: सिसोदिया के बाद AAP के दूसरे बड़े नेता की गिरफ्तारी, जानिए संजय सिंह पर क्या हैं आरोप

    समाजसेवा में कब आए संजय सिंह?

    संजय सिंह ने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी में दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने समाज सेवा का काम शुरू किया। संजय सिंह ने 1994 में 'सुल्तानपुर समाज सेवा संगठन' के नाम से एक संगठन बनाया। उन्होंने इस संगठन के तहत गरीबों की भलाई के लिए काम करना शुरू किया।

    खबरें और भी

    राजनीति में संजय सिंह का झुकाव

    अपने संगठन के लिए काम करने के साथ-साथ संजय सिंह ने हॉकर्स के अधिकारों के लिए 16 सालों तक काम किया। इसी बीच उनकी मुलाकात समाजवादी नेता रघु ठाकुर से हुई। रघु ठाकुर डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट पार्टी के समाजवादी नेता हैं। इसके अलावा वह आजाद सेवा समिति के साथ भी जुड़े, ये संगठन आगे चलकर हॉकर्स एसोसिएशन का हिस्सा बन गया।

    कौन हैं समाजवादी नेता रघु ठाकुर?

    रघु ठाकुर जाने माने समाजवादी नेता हैं। वह मध्य प्रदेश के सागर से सामाजिक कार्यकर्ता रह चुके हैं। उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर लिखा है। रघु ठाकुर लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। फिलहाल वह पार्टी के संरक्षक हैं।

    राजनीति में संजय सिंह की एंट्री

    संजय सिंह आम आदमी पार्टी के गठन का हिस्सा रहे हैं। वह उन लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने 2012 में आम आदमी पार्टी बनाने में भूमिका निभाई थी। संजय सिंह टीम अन्ना के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गोमती परियोजना में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

    राज्यसभा के लिए कब चुने गए संजय सिंह?

    आम आदमी पार्टी ने संजय सिंह पर भरोसा दिखाते हुए उन्हें 2017 में पंजाब का प्रभारी बनाया। उनके नेतृत्व में आप ने पंजाब में अच्छा प्रदर्शन किया और सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनकर उभरी। संजय सिंह आठ जनवरी, 2018 को राज्यसभा सदस्य चुने गए। इसके अलावा वे बिहार और यूपी में भी पार्टी के प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं।

    संजय सिंह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। साथ ही राजनीतिक मामलों की समिति और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। 

    सोर्सः ये जानकारी आम आदमी पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट से ली गई है।

    यह भी पढ़ेंः दिल्ली शराब घोटाले में AAP सांसद संजय सिंह गिरफ्तार, 11 घंटे की पूछताछ के बाद ED ने लिया एक्शन