Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सरहद पार से चल रही थी बड़ी साजिश, गरीब नाबालिगों को मोहरा बना रहे पाकिस्तानी तस्कर; नशे और हथियारों की तस्करी में झोंका

    Updated: Sun, 10 May 2026 12:56 PM (IST)

    पाकिस्तानी तस्कर पंजाब के सीमावर्ती जिलों में गरीब नाबालिगों को ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में फंसा रहे हैं। ...और पढ़ें

    नाबालिगों पर पाकिस्तानी तस्करों की नजर (AI generated फोटो)

    नाबालिगों पर पाकिस्तानी तस्करों की नजर (AI generated फोटो)

    HighLights

    1. पाकिस्तानी तस्कर नाबालिगों को तस्करी में फंसा रहे।

    2. ड्रोन से गिराए पैकेट उठवाने का लालच देते।

    3. सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध नाबालिगों पर रख रही नजर।

    नितिन धीमान, अमृतसर। पंजाब के सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तान स्थित तस्कर अब नाबालिगों को अपने नेटवर्क में शामिल कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों और पंजाब पुलिस की जांच में सामने आया है कि गरीब परिवारों के किशोरों को लालच देकर ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा है।

    पाकिस्तानी हैंडलर इंटरनेट मीडिया, मोबाइल गेमिंग ऐप और स्थानीय संपर्कों के जरिए किशोरों तक पहुंच बना रहे हैं। उन्हें कुछ हजार रुपये का लालच देकर खेतों में ड्रोन से गिराए गए पैकेट उठाने और आगे पहुंचाने के काम में लगाया जा रहा है। बच्चों को यह तक नहीं बताया जाता कि पैकेट में हेरोइन, हथियार या विस्फोटक सामग्री है।

    सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार हाल के महीनों में अमृतसर, फाजिल्का, बटाला, फिरोजपुर और तरनतारन क्षेत्र में कई नाबालिग पकड़े जा चुके हैं। जांच में सामने आया कि अधिकतर किशोर सीधे पाकिस्तान स्थित तस्करों या उनके भारतीय नेटवर्क के संपर्क में थे।

    2026 में गिरफ्तार हुआ था एक गिरोह

    मार्च 2026 में अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से हथियार तस्करी करने वाले एक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल था। आरोपितों से सात अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद हुई थीं।

    अप्रैल 2026 में अमृतसर में ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक नाबालिग था। उनके कब्जे से सात पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए। अक्टूबर 2025 में ड्रग और हथियार तस्करी माड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपितों को पकड़ा था। इनमें एक 16 वर्षीय नाबालिग भी शामिल था। गिरोह से 12 पिस्तौलें और डेढ़ किलो हेरोइन बरामद हुई थी।

    अप्रैल 2026 में बटाला पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक नाबालिग था। आरोपितों से साढ़े छह किलो हेरोइन और हथियार बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अक्टूबर 2025 में अमृतसर में पकड़े गए सात सदस्यीय हथियार तस्करी माड्यूल में भी एक नाबालिग शामिल था। गिरोह से 15 आधुनिक पिस्तौलें बरामद की गई थीं।

    सीमावर्ती गांवों में संदिग्ध किशोरों पर विशेष नजर

    सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अब सीमावर्ती गांवों में संदिग्ध किशोरों पर विशेष नजर रखनी शुरू कर दी है। एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तानी तस्कर जानबूझकर कम उम्र के बच्चों को कूरियर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि पकड़े जाने पर उन्हें कम सजा मिले और शक भी कम हो।

    बेरोजगारी, नशे का बढ़ता असर और इंटरनेट मीडिया की पहुंच के कारण कई किशोर जल्दी पैसे के लालच में गलत रास्ते पर चले जाते हैं। सीमावर्ती गांवों में रात के समय ड्रोन की आवाज सुनाई देना अब आम बात बन चुकी है। वहीं पुलिस अब इंटरनेट मीडिया के जरिए सक्रिय पाकिस्तानी हैंडलरों की डिजिटल ट्रैकिंग में जुटी हुई है।

    खबरें और भी