श्री अकाल तख्त ने दुष्कर्म के आरोप के बाद SGPC सदस्य को किया खालसा पंथ से निष्कासित, आजीवन सेवा पर रोक
श्री अकाल तख्त साहिब ने गंभीर आरोपों के मामलों में अमरजीत सिंह और मलकित सिंह को खालसा पंथ से निष्कासित किया। दोनों पर सिख संस्थाओं में आजीवन सेवा रोक लगाई।

श्री अकाल तख्त साहिब से फरमान सुनाते हुए पांच सिंह साहिबान।
HighLights
एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह को खालसा पंथ से निष्कासित किया गया।
अतिरिक्त हेड ग्रंथी मलकीत सिंह पर भी आजीवन सेवा प्रतिबंध।
दिल्ली, मुंबई गुरुद्वारा कमेटियों को अकाल तख्त ने चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब ने गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य अमरजीत सिंह चावला और श्री अकाल तख्त साहिब के एडिशनल हेड ग्रंथी मलकीत सिंह को खालसा पंथ से निष्कासित कर दिया है।
दोनों पर जीवनभर किसी भी सिख संस्था में सेवा करने पर रोक लगा दी गई है। रविवार को श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज की अगुआई में पांच सिंह साहिबान की बैठक हुई।
महिला ने दर्ज की शिकायत
बैठक में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के ग्रंथी ज्ञानी गुरबख्शीश सिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के पंज प्यारे, भाई मंगल सिंह शामिल रहे। अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ श्री आनंदपुर साहिब पुलिस थाने में एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था।
चावला ने इन आरोपों को निराधार बताया था। महिला की शिकायत में श्री अकाल तख्त साहिब के एडिशनल हेड ग्रंथी भाई मलकीत सिंह व तख्त श्री केसगढ़ साहिब में तैनात ड्राइवर मोहन सिंह का भी नाम आया था।
अश्लील मैसेज भेजने के लगाए आरोप
महिला ने दोनों पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाए थे। शिकायत में नाम आने के बावजूद मलकीत सिंह और मोहन सिंह को दर्ज एफआइआर में आरोपित नहीं बनाया गया था। हालांकि एसजीपीसी ने दोनों को निलंबित कर दिया था व मामले की गहन जांच की जिम्मेदारी अपने फ्लाइंग विभाग को सौंपी थी।
अकाल तख्त ने चावला को निर्देश दिया गया कि वह खुद को निर्दोष साबित करने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हों। श्री अकाल तख्त साहिब ने नई दिल्ली के सुभाष नगर स्थित श्री गुरु सिंह सभा की प्रबंधक कमेटी को भी अकाल तख्त के आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए।
मुंबई के मीरा रोड ईस्ट स्थित श्री गुरु नानक दरबार गुरुद्वारा साहिब के प्रबंध से जुड़े विवाद में प्रधान दलवीर सिंह और महासचिव दविंदर सिंह को अकाल तख्त के आदेशों का पालन करने की हिदायत दी गई।
