सांसद अमृतपाल सिंह की अजनाला कोर्ट में पेशी, अब अमृतसर सेशन कोर्ट में चलेगा मामला; 2 मई को होगा ट्रायल
सांसद अमृतपाल सिंह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अजनाला कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने जांच पूरी कर चालान पेश किया। ...और पढ़ें

सांसद अमृतपाल सिंह की अजनाला कोर्ट में पेशी (जागरण फाइल)
HighLights
अमृतपाल सिंह की अजनाला कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी।
पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया।
मामले का ट्रायल अब अमृतसर सेशन कोर्ट में 2 मई से।
संवाद सहयोगी, अजनाला। सांसद अमृतपाल सिंह को वीरवार को फिर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अजनाला की अदालत में पेश किया गया। इससे पहले अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा हुआ था।
आज की सुनवाई के दौरान पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया। इसके बाद अदालत ने इस मामले का ट्रायल अमृतसर की सेशन कोर्ट में चलाने के आदेश जारी कर दिए।
मामले की जानकारी देते हुए एडवोकेट रीतु राज सिंह संधू ने बताया कि आज अमृतपाल सिंह की न्यायिक हिरासत की तारीख थी, इसलिए उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। इस दौरान राज्य पक्ष की ओर से जांच पूरी कर चालान अदालत में दाखिल किया गया। अब इस केस की सुनवाई अमृतसर की सेशन कोर्ट में होगी, जहां 2 मई से ट्रायल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि एफआईआर नंबर 39 से जुड़े इस मामले में अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी को अदालत में पेश किया जा चुका है। अमृतपाल सिंह इस केस के आखिरी आरोपी थे, जिनकी आज पेशी पूरी हुई। अदालत के आदेशों के अनुसार उन्हें असम की जेल में ही न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा और अगली पेशियां भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही होंगी।
एडवोकेट संधू ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस को अमृतपाल सिंह से किसी प्रकार की कोई बरामदगी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पहले वाहनों और हथियारों की बरामदगी के दावे किए जा रहे थे, लेकिन जांच के दौरान कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया। इसी कारण पुलिस को केवल दो दिन का रिमांड मिला और एक सप्ताह के भीतर ही जांच पूरी कर ली गई।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 मई को अमृतसर सेशन कोर्ट में होगी, जहां से ट्रायल की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इस केस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।